लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
सड़क दुर्घटनाओं में 50% कमी लाने का लक्ष्य
भीलवाड़ा। सड़क सुरक्षा को बढ़ावा देने और दुपहिया वाहन चालकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से भीलवाड़ा यातायात पुलिस ने गुरुवार, 2 जुलाई से 16 जुलाई 2026 तक 15 दिवसीय विशेष हेलमेट जागरूकता एवं प्रवर्तन अभियान शुरू किया है। राजस्थान सरकार के ‘मिशन 2030’ के तहत संचालित इस अभियान का उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं और उनमें होने वाली मृत्यु दर में 50 प्रतिशत तक कमी लाना है।
पहले दिन समझाइश, कल से सख्त कार्रवाई
अभियान के पहले दिन यातायात पुलिस ने शहर के प्रमुख चौराहों पर विशेष नाकेबंदी कर बिना हेलमेट वाहन चला रहे लोगों को रोककर गुलाब का फूल भेंट किया और हेलमेट पहनने के महत्व के बारे में जागरूक किया। इस दौरान चालान की बजाय समझाइश पर जोर दिया गया।
हालांकि, शुक्रवार से अभियान का दूसरा चरण शुरू होगा, जिसमें नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। ट्रिनिटी चौराहा, कलेक्ट्रेट सर्किल, सूचना केंद्र सहित शहर के प्रमुख स्थानों पर ऑन-द-स्पॉट चालान काटे जाएंगे।
चालक और सहयात्री दोनों के लिए हेलमेट अनिवार्य
यातायात पुलिस के अनुसार अब दुपहिया वाहन चालक के साथ-साथ पीछे बैठने वाले सहयात्री के लिए भी आईएसआई (ISI) मार्क वाला हेलमेट पहनना अनिवार्य है। अभियान के दौरान बिना हेलमेट वाहन चलाने वालों के खिलाफ मौके पर ही चालान की कार्रवाई की जाएगी।
इन नियमों पर भी रहेगी विशेष नजर
विशेष अभियान के दौरान पुलिस निम्न यातायात नियमों के उल्लंघन पर भी सख्त कार्रवाई करेगी—
- बिना हेलमेट वाहन चलाना (चालक एवं सहयात्री)
- निर्धारित गति सीमा से अधिक तेज वाहन चलाना
- नो-पार्किंग क्षेत्र में वाहन खड़ा करना
- लेन अनुशासन का उल्लंघन करना
यातायात पुलिस की अपील
यातायात विभाग ने आमजन, स्वयंसेवी संगठनों, परिवहन विभाग तथा शैक्षणिक संस्थानों से अभियान को सफल बनाने में सहयोग की अपील की है। अधिकारियों ने कहा कि हेलमेट केवल चालान से बचने के लिए नहीं, बल्कि स्वयं और अपने परिवार की सुरक्षा के लिए पहनना चाहिए। पुलिस का मानना है कि जनसहभागिता से सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाकर भीलवाड़ा को अधिक सुरक्षित बनाया जा सकता है।











































