लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
कांग्रेस ने निकाली पदयात्रा
श्रीगंगानगर। श्रीगंगानगर जिले के श्रीकरणपुर कस्बे में अरावली पर्वत बचाओ आंदोलन के तहत कांग्रेस पार्टी की ओर से पदयात्रा निकाली गई। यह पदयात्रा खुशी एनक्लेव से शुरू होकर गांधी पार्क तक पहुंची, जिसमें कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने केंद्र व राज्य की भाजपा सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
कांग्रेस जिलाध्यक्ष एवं विधायक रुपिन्द्र सिंह रूबी कुन्नर के निर्देश पर आयोजित इस पदयात्रा का नेतृत्व जिला प्रमुख दुलाराम इंदलिया और ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष बलकरण सिंह बराड़ ने किया। पदयात्रा के दौरान नेताओं ने अरावली पर्वत श्रृंखला के संरक्षण की मांग उठाते हुए सरकार की नीतियों पर सवाल खड़े किए।
पदयात्रा में पूर्व पार्षद प्रदीप सुमन, युवा नेता नरेश मित्तल, हंसराज लखेसर, लक्ष्मण नायक सहित कई वरिष्ठ कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता शामिल रहे। पदयात्रा श्रीकरणपुर के मुख्य बाजार से गुजरते हुए गांधी पार्क पहुंचकर संपन्न हुई।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि अरावली पर्वत श्रृंखला का संरक्षण पर्यावरण संतुलन के लिए बेहद जरूरी है और इसके लिए पार्टी लगातार जनआंदोलन के माध्यम से आवाज उठाती रहेगी।


















































