‘
संगीत गुरु राजीव भट्ट के निर्देशन में दिया जाएगा गायन, वादन और नृत्य का प्रशिक्षण

जयपुर। गर्मियों के अवकाश में अपनी रचनात्मक प्रतिभा को विकसित करवाने के उद्देश्य से दर्शक संस्था की ओर से जयपुर में इस बार रविवार 26 मई से ‘आओ झूमें गाएं’ संगीत एवं नृत्य शिविर आयोजित किया जाएगा। शिविर की संयोजक प्रोमिला राजीव ने बताया कि संस्था की ओर से ये 36वां सालाना शिविर है जो कि संगीत गुरू राजीव भट्ट के निर्देशन में 24 जून तक चलेगा। शिविर में शास्त्रीय गायन, सुगम गायन, लोक गीत, की-बोर्ड, गिटार, वॉयलिन, हारमोनियम, बांसुरी, तबला,ढोलक आदि का प्रशिक्षण दिया जाएगा। नृत्य का प्रशिक्षण राधिका कल्चरल सोसायटी की निदेशक रेखा सैनी द्वारा दिया जाएगा।
इसमें किसी भी आयु वर्ग के लोग अपनी अभिरूचि की पूर्ति के लिए भाग ले सकते हैं। समाप्ति पर 24 जून को योग्य प्रशिक्षणार्थियों की मंच पर प्रस्तुति होगी और सभी को प्रमाण पत्र प्रदान किए जाएंगे। चुनिंदा चयनित प्रशिक्षणार्थियों को दर्शक संस्था के आगामी कार्यक्रमों में अपनी प्रतिभा दिखाने का मौका दिया जाएगा। प्रवेश केे लिए मालवीय नगर स्थित दर्शक कॉलेज ऑफ म्यूज़िक एंड आर्ट्स में संपर्क किया जा सकता है।














































