लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
स्थान: जयपुर/पाली/सुमेरपुर
सुमेरपुर । तख्तगढ़ नगरपालिका क्षेत्र में कैबिनेट मंत्री जोराराम कुमावत ने सोमवार को एक साथ दो शहरी आयुष्मान आरोग्य मंदिरों का उद्घाटन किया। इन केंद्रों का संचालन चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग द्वारा किया जाएगा।
तख्तगढ़ के खारसियावास और गोगरा-राजपुरा रोड स्थित इन आरोग्य मंदिरों का मंत्री कुमावत ने फीता काटकर शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि आयुष्मान आरोग्य मंदिरों के शुरू होने से क्षेत्रवासियों को मुफ्त और गुणवत्तापूर्ण प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध होंगी। अब लोगों को छोटी बीमारियों के लिए बड़े अस्पतालों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे।
सीएचसी में संविदाकर्मियों की नियुक्ति का निर्णय
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र तख्तगढ़ की राजस्थान मेडिकल रिलीफ सोसाइटी की बैठक मंत्री कुमावत की अध्यक्षता में हुई।
इसमें भवन मरम्मत, चिकित्सा उपकरणों की खरीद और संविदाकर्मियों की नियुक्ति के प्रस्ताव पारित किए गए।
बीसीएमओ डॉ. गोविंद सिंह चूड़ावत ने बताया कि एक असिस्टेंट रेडियोग्राफर, दो कंप्यूटर ऑपरेटर, पाँच सुरक्षाकर्मी और एक निश्चेतना विशेषज्ञ (सीजेरियन डिलीवरी हेतु) को संविदा पर नियुक्त किया जाएगा।
अणगौर में उप स्वास्थ्य केंद्र का शिलान्यास
कार्यक्रम के दौरान मंत्री कुमावत ने ग्राम पंचायत गलथनी के अणगौर गांव में उप स्वास्थ्य केंद्र भवन का शिलान्यास किया।
साथ ही दुजाना और पावा में बनने वाले प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों के नए भवनों की शिला पट्टिकाओं का पूजन किया। प्रत्येक भवन के निर्माण पर ₹159 लाख की लागत आएगी।

आशा सहयोगिनियों ने किया सम्मान
कार्यक्रम में राजस्थान प्रदेश आशा सहयोगिनी संघ भामस के प्रदेश उपाध्यक्ष कंचन मालवीय के नेतृत्व में आशा सहयोगिनी कार्मिकों ने मानदेय वृद्धि पर आभार व्यक्त करते हुए मंत्री कुमावत का माला, साफा और शॉल ओढ़ाकर सम्मान किया।
कार्यक्रम में मौजूद रहे
नगरपालिका अध्यक्ष ललित रांकावत, उपाध्यक्ष मनोज नामा, मंडल अध्यक्ष पारस घांची, महिला मोर्चा अध्यक्ष मीना रावल, पार्षद शर्मिला कुमारी, देवाराम चौधरी, सुरेश सुथार, जगदीश दमामी, एसडीएम कालूराम कुम्हार, डीवाईएसपी जितेंद्र सिंह, डॉ. ए.के. मौर्य, डॉ. सुरेश चौधरी, डॉ. अनुपम राजपुरोहित, डॉ. नीतू मालवीय, डॉ. विक्रम सिंह, डॉ. कुशल कौशल दिवाकर सहित अनेक जनप्रतिनिधि, चिकित्सक और नर्सिंगकर्मी मौजूद रहे।


















































