लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
संवाददाता: रूपनारायण सांवरिया
जयपुर। भारतीय जनता पार्टी स्वतंत्रता सेनानी भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती के अवसर पर प्रदेशभर में जनजागरण अभियान चलाएगी।
भाजपा प्रदेश मंत्री एवं जयंती कार्यक्रम के प्रदेश संयोजक मिथिलेश गौतम ने बताया कि यह अभियान 9 से 15 नवम्बर तक चलेगा, जिसमें बिरसा मुंडा सहित जनजातीय स्वतंत्रता सेनानियों के योगदान को जन-जन तक पहुंचाया जाएगा।
गौतम ने कहा कि बिरसा मुंडा ने अल्पायु में स्वतंत्रता, सामाजिक सुधार और धार्मिक स्वतंत्रता के लिए महान बलिदान दिया था। वे न केवल अंग्रेजों से लड़े, बल्कि जनजातीय समाज में समरसता, स्वाभिमान और धर्मांतरण विरोधी आंदोलन के प्रेरणास्रोत बने।
उन्होंने बताया कि इस अभियान के तहत टाउन हॉल मीटिंग्स, निबंध, सामान्य ज्ञान और भाषण प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी। भाजपा 13 से 15 नवम्बर तक जनजाति सेनानियों के स्मारकों पर स्वच्छता अभियान और दीपोत्सव भी मनाएगी, जबकि 15 नवम्बर को डूंगरपुर में विशाल जनजाति सम्मेलन आयोजित होगा।
गौतम ने कहा कि भाजपा राष्ट्रनायकों और “अननोन हीरोज” को सम्मान देने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने बताया कि केंद्र व राज्य सरकारें प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा के नेतृत्व में जनजातीय समाज के समग्र विकास के लिए प्रतिबद्ध हैं।
भाजपा एसटी मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष नारायण मीणा ने कहा कि स्वतंत्रता संग्राम में जनजाति समाज का योगदान अविस्मरणीय है, लेकिन आजादी के बाद की सरकारों ने इन्हें केवल वोटबैंक तक सीमित कर दिया।
उन्होंने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी से लेकर नरेंद्र मोदी तक, भाजपा ने इन वर्गों को मुख्यधारा में लाने और जनजातीय मंत्रालय का बजट 247% तक बढ़ाने का कार्य किया है।
मीणा ने कहा, “अटल पथ से लेकर नमो पथ तक जनजाति समाज का चहुंमुखी विकास हुआ है। अब भगवान बिरसा मुंडा की जयंती पर भाजपा उनके आदर्शों को आमजन तक पहुंचाने का संकल्प लेकर चल रही है।”



















































