लोक टुडे न्युज़ नेटवर्क
जयपुर ।
राज्य सरकार ने सड़क सुरक्षा और नागरिक सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए सड़कों की मरम्मत, फुटपाथ सुधार और यातायात संकेतक लगाने जैसे कार्यों को तेजी से पूरा करने के निर्देश जारी किए हैं। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के निर्देशानुसार नगरीय विकास विभाग ने सभी नगरीय निकायों को विशेष अभियान चलाकर 30 दिसंबर 2025 तक प्रगतिरत और नए कार्य पूरे करने को कहा है।
अतिक्रमण मुक्त होंगी सड़कें और फुटपाथ
सरकार ने स्पष्ट किया है कि फुटपाथ और सड़कों से अतिक्रमण हटाया जाएगा तथा अनाधिकृत रोड कट्स को तत्काल बंद किया जाएगा। सभी नगरीय निकायों को निर्देश दिए गए हैं कि सड़कों के जंक्शन पर झाड़ियों की सफाई, स्लिप लेन निर्माण और यातायात संकेतक (रेट्रोरिफ्लेक्टिव बोर्ड) लगाने के कार्य जल्द पूरे किए जाएं।
31 मार्च 2026 तक सड़क नवीनीकरण कार्य पूर्ण
मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार सड़कों के नवीनीकरण, डिवाइडर मरम्मत, थर्मोप्लास्ट पेंटिंग, जेब्रा क्रॉसिंग और रंग-रोगन के कार्य 31 मार्च 2026 तक पूर्ण किए जाएंगे। फ्लाईओवर, ओवरब्रिज और अंडरपास के आरंभिक बिंदुओं पर रिफ्लेक्टिव बोर्ड लगाए जाएंगे ताकि रात्रिकालीन यातायात सुरक्षित रहे।
क्षतिग्रस्त मैनहोल और फेरोकवर की मरम्मत
नगरीय निकायों को निर्देश दिए गए हैं कि खुले नाले-नालियों को सुरक्षित रूप से ढका जाए और क्षतिग्रस्त मैनहोल व फेरोकवर की मरम्मत तत्काल की जाए। भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में डिवाइडर पर मजबूत रेलिंग लगाने के निर्देश भी जारी किए गए हैं।
निर्माण कार्यों की जानकारी होगी सार्वजनिक
सभी निर्माण स्थलों पर कार्य की लागत, जिम्मेदार अधिकारी और ठेकेदार का नाम तथा समयावधि की जानकारी बोर्ड पर प्रदर्शित की जाएगी। इसका उद्देश्य है कि आमजन किसी असुविधा की स्थिति में सीधे संबंधित अधिकारी से संपर्क कर सकें।
सीबीयूडी ऐप पर खुदाई कार्य की अनिवार्यता
नगरीय विकास विभाग ने सभी निकायों को निर्देश दिए हैं कि सड़कों पर किसी भी प्रकार के खुदाई कार्य से पहले उसका ब्यौरा CBUD ऐप पर दर्ज किया जाए। ऐप पर अंकन किए बिना किए गए कार्यों पर पैनल्टी लगाई जाएगी और उल्लंघन की स्थिति में दंडात्मक कार्रवाई होगी।
इसके साथ ही संबंधित इंजीनियर और संवेदक की जिम्मेदारी भी तय की जाएगी ताकि कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित हो सके।













































