लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
नागौर/जयपुर (प्रदीप कुमार डागा)
NEET और कृषि विज्ञान व्याख्याता भर्ती सहित लगातार सामने आ रहे पेपर लीक मामलों को लेकर सांसद हनुमान बेनीवाल ने सरकार और व्यवस्था पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि इन घटनाओं ने लाखों मेहनती विद्यार्थियों और उनके परिवारों के विश्वास को तोड़ दिया है।
प्रेस वक्तव्य जारी करते हुए बेनीवाल ने कहा कि एक ओर गरीब किसान और मध्यमवर्गीय परिवार अपने बच्चों के सपनों को पूरा करने के लिए दिन-रात मेहनत करते हैं, वहीं दूसरी ओर पेपर माफिया और भ्रष्ट तंत्र पैसे के दम पर युवाओं का भविष्य बेच रहे हैं।
“सड़े हुए तंत्र का आईना हैं ये खबरें”
उन्होंने कहा कि समाचार पत्रों में प्रकाशित पेपर लीक की खबरें केवल समाचार नहीं, बल्कि उस सड़े हुए तंत्र का आईना हैं जिसने युवाओं की मेहनत का मजाक बना दिया है।
बेनीवाल ने कहा कि यह बेहद चिंताजनक है कि सरकारों के तमाम दावों के बावजूद देश की सबसे बड़ी परीक्षाएं भी सुरक्षित नहीं रह गई हैं।
“जांच समितियों से नहीं चलेगा काम”
सांसद ने आरोप लगाया कि हर बार सरकारें जांच समिति बनाकर, कुछ गिरफ्तारियां दिखाकर और बयानबाजी कर अपनी जिम्मेदारी से बचने का प्रयास करती हैं, लेकिन असली सरगनाओं तक जांच एजेंसियां नहीं पहुंच पातीं।
उन्होंने कहा कि आज राजस्थान सहित पूरे देश के युवाओं के मन में एक ही सवाल है कि आखिर कब तक पेपर बिकते रहेंगे और मेहनत हारती रहेगी।
उम्रकैद जैसी सजा की मांग
हनुमान बेनीवाल ने कहा कि सरकारों को दृढ़ इच्छाशक्ति दिखाते हुए पेपर लीक माफियाओं के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करनी चाहिए। उन्होंने दोषियों को उम्रकैद जैसी सजा देने और परीक्षा प्रणाली को पूरी तरह पारदर्शी एवं जवाबदेह बनाने की मांग की।
उन्होंने कहा कि यह लड़ाई केवल एक परीक्षा की नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के भविष्य और देश की ईमानदार प्रतिभा को बचाने की लड़ाई है। राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी मेहनतकश युवाओं के साथ मजबूती से खड़ी है।




















































