लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
सड़क परियोजनाओं और रिंग रोड को लेकर हुई चर्चा
नागौर/जयपुर। (प्रदीप कुमार डागा) मेड़ता विधायक लक्ष्मण राम कलरु ने बुधवार को जयपुर स्थित सचिवालय में राजस्थान की उपमुख्यमंत्री दीया कुमारी से शिष्टाचार मुलाकात की। इस दौरान मेड़ता विधानसभा क्षेत्र में चल रहे सड़क निर्माण कार्यों की प्रगति तथा प्रस्तावित सड़क परियोजनाओं को लेकर विस्तार से चर्चा हुई।
विधायक कलरु ने क्षेत्र में सड़क संपर्क को और अधिक सुदृढ़ बनाने के लिए आवश्यक निर्माण कार्यों एवं लंबित प्रस्तावों की जानकारी उपमुख्यमंत्री को दी। उन्होंने मेड़ता सिटी की बहुप्रतीक्षित रिंग रोड परियोजना के संबंध में भी चर्चा की।
कलरु ने बताया कि रिंग रोड परियोजना की डीपीआर लगभग तैयार हो चुकी है। इस महत्वपूर्ण परियोजना को आगामी राज्य बजट में शामिल किए जाने की संभावनाओं पर भी विचार-विमर्श हुआ। उन्होंने कहा कि रिंग रोड बनने से शहर में यातायात का दबाव कम होगा और क्षेत्र के समग्र विकास को नई गति मिलेगी।
उपमुख्यमंत्री दीया कुमारी ने क्षेत्र के विकास से जुड़े प्रस्तावों पर सकारात्मक रुख व्यक्त करते हुए आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया। उन्होंने आधारभूत सुविधाओं के विस्तार और सड़क नेटवर्क को मजबूत बनाने के लिए राज्य सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई।
विधायक लक्ष्मण राम कलरु ने कहा कि राज्य सरकार के सहयोग से मेड़ता विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों को लगातार गति दी जा रही है और आने वाले समय में क्षेत्र को कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं का लाभ मिलेगा।















































