लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
108 एम्बुलेंस से जिला अस्पताल पहुंचाया
राजसमंद (गौतम शर्मा)। राजसमंद जिले के कुंवारिया कस्बे में गुरुवार दोपहर करीब 3 बजे एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। वीर तेजाजी चौराहे के पास तेज रफ्तार कार ने स्कूटी सवार युवती को टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई।
हादसे की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने 108 एम्बुलेंस की मदद से घायल युवती को जिला आर.के. चिकित्सालय पहुंचाया। थानाधिकारी रामचंद्र कुमावत ने बताया कि घायल युवती भव्या सालवी पुत्री राजेंद्र सालवी, निवासी कुंवारिया है, जो राज्यावास में चिकित्सक के पद पर कार्यरत है। वह स्कूटी से पिपली अहिरान की ओर से कुंवारिया आ रही थी। इसी दौरान लालपुर स्थित वीर तेजाजी चौराहे पर तेज गति से आ रही कार ने उसे चपेट में ले लिया।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि युवती उछलकर कार के बोनट पर जा गिरी। हादसे में स्कूटी और कार दोनों क्षतिग्रस्त हो गईं।
बताया गया कि कार चालक आशीष पुत्र जगत प्रकाश, निवासी मानसरोवर, जयपुर है, जो कांकरोली से भीलवाड़ा की ओर जा रहा था।
सूचना पर एएसआई कमलेंद्र सिंह, शंकर सिंह, रामेश्वर लाल जाट, हेड कांस्टेबल सुरेश चंद्र वर्मा, मंजू कुमावत सहित पुलिस जाप्ता मौके पर पहुंचा और घटना स्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने घायल युवती के माता-पिता को सूचना दी, जो जिला अस्पताल पहुंचे।
पुलिस ने रूपाखेड़ा टोल से क्रेन मंगवाकर क्षतिग्रस्त कार और स्कूटी को थाना परिसर में खड़ा करवाया तथा यातायात व्यवस्था सुचारु करवाई। घटना के बाद मौके पर बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ जमा हो गई।













































