लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
किशनगढ़ रेनवाल | नवीन कुमावत।
स्वामी विवेकानंद जयंती समारोह आयोजन समिति के तत्वावधान में 11 जनवरी (रविवार) को किशनगढ़ रेनवाल शहर में भव्य ‘युवा महोत्सव’ का आयोजन किया जाएगा। यह कार्यक्रम आधुनिक भारत के निर्माता एवं युवाओं के प्रेरणास्रोत स्वामी विवेकानंद के विचारों और संदेशों को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से आयोजित किया जा रहा है।
आयोजन समिति से प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह महोत्सव दोपहर 3 बजे से कुमावत सेवा सदन में आयोजित होगा। कार्यक्रम के दौरान स्वामी विवेकानंद के जीवन दर्शन, राष्ट्र निर्माण और युवा चेतना पर आधारित विभिन्न प्रेरक उद्बोधन एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए जाएंगे।
आयोजन समिति के संयोजक मुकेश कुमार टोड़ावत ने बताया कि कार्यक्रम की सफलता सुनिश्चित करने के लिए एक बैठक का आयोजन किया गया, जिसमें तैयारियों को अंतिम रूप दिया गया। उन्होंने बताया कि महोत्सव का मुख्य उद्देश्य पूज्य स्वामी विवेकानंद के विचारों को युवाओं तक पहुंचाकर उनमें राष्ट्र सेवा, आत्मविश्वास और सकारात्मक ऊर्जा का संचार करना है।
आयोजन समिति ने क्षेत्र के सभी युवाओं एवं प्रबुद्ध नागरिकों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में कार्यक्रम में भाग लेकर इस आयोजन को सफल बनाएं।
बैठक में सह संयोजक सीए गणेश कुमार, अखिलेश शर्मा, बनवारी लाल, महेंद्र बाकोलिया, विकास कुमार, रविन्द्र मेहरड़ा, अमित कुमावत, योगेंद्र कुमार, आनंद कुमार, अशोक कुमार कुमावत एवं पवन कुमार सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।













































