लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
तुषार पुरोहित, सिरोही।
सिरोही। सिरोही जिले के जावाल कस्बे में खेत में खड़ी गेहूं की फसल में अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार ट्रांसफार्मर में शॉर्ट सर्किट होने के कारण यह आग लगी, जिसने देखते ही देखते विकराल रूप ले लिया।
घटना जावाल के गोल रोड क्षेत्र की है, जहां बदाराम माली के खेत में खड़ी गेहूं की फसल में अचानक आग भड़क उठी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही देर में फसल धू-धू कर जलने लगी और आसपास के लोगों में दहशत का माहौल बन गया।
सूचना मिलते ही जावाल चौकी प्रभारी राजेंद्र सिंह शेखावत पुलिस जाब्ते के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि खेत में लगे ट्रांसफार्मर में शॉर्ट सर्किट के कारण आग लगी, जिससे फसल को नुकसान हुआ।
घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए और आग बुझाने के प्रयास शुरू कर दिए। ग्रामीणों ने पानी व अन्य संसाधनों की मदद से आग पर काबू पाने की कोशिश की। इसी दौरान दमकल वाहन भी मौके पर पहुंचा और दमकलकर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह नियंत्रण पा लिया।
गनीमत रही कि समय रहते आग पर काबू पा लिया गया, अन्यथा आसपास के खेतों में खड़ी फसल को भी भारी नुकसान हो सकता था। फिलहाल आग से हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है।
इस घटना ने एक बार फिर खेतों के पास लगे ट्रांसफार्मरों की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। ग्रामीणों ने संबंधित विभाग से इस दिशा में आवश्यक सुधार की मांग की है।


















































