श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर धूमधाम, दही हांडी फोड़ने उमड़ा जनसैलाब

0
275
- Advertisement -

लोक टुडे न्यूज नेटवर्क 

पीसांगन, अजमेर | स्थानीय संवाददाता – ओमप्रकाश चौधरी 

उपखंड मुख्यालय पीसांगन समेत आस-पास के देहात क्षेत्र में बीती रात जन्माष्टमी महोत्सव श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। आमजन से लेकर खास तक सभी भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव की भक्ति और मस्ती में डूबे नजर आए।

मंदिरों में आकर्षक झांकियों के साथ भजन-कीर्तन का आयोजन किया गया। जैसे ही मध्यरात्रि को चंद्रोदय के साथ श्रीकृष्ण जन्म की घड़ी आई, वैसे ही भक्तों ने “नंदलाला” के जयकारों के बीच ठाकुरजी का जन्मोत्सव मनाया और प्रसाद पाकर व्रत खोला।

मांगलियावास में दही हांडी आकर्षण का केंद्र

मांगलियावास कस्बे में अखिल भारतीय रेगरान युवा मंडल के तत्वावधान में 15वां श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव धूमधाम से आयोजित हुआ। रेगरान हथाई के समीप स्थित होली दड़ा पर दही हांडी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें मांगलियावास की 5 टीमों सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लिया।

करीब 25 फीट ऊंचाई पर लटकी दही हांडी को तोड़ने के लिए युवाओं ने पिरामिड बनाकर अपनी ताकत और कौशल का प्रदर्शन किया। पूरे कार्यक्रम के दौरान “हाथी-घोड़ा-पालकी, जय कन्हैयालाल की” और भजनों पर नाचते-झूमते भक्तों का उत्साह देखते ही बनता था।

विजेता टीम को सम्मान

कार्यक्रम के संयोजक उम्मेद कुमार औलानिया और गिरधर गोपाल औलानिया की मौजूदगी में दही हांडी प्रतियोगिता संपन्न हुई। इसमें चौधरी एंड युवा टीम विजेता रही। टीम के बहादुर गुर्जर को पारितोषिक प्रदान किया गया।

आसपास के गांवों से भी पहुंचे लोग

दही हांडी उत्सव का आनंद लेने के लिए आसपास के गांवों – दौलतकहेड़ा, अर्जुनपुरा जागीर, अर्जुनपुरा खालसा, लीड़ी और बिकरचियावास से भी ग्रामीण बड़ी संख्या में पहुंचे।

इस मौके पर महिला शक्ति ने भी सहयोग की मिसाल पेश की। कार्यक्रम के लिए आर्थिक सहयोग मातृ शक्ति द्वारा प्रदान किया गया, जो महिला सशक्तिकरण का परिचायक बना।

- Advertisement -

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here