लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
गंगधार, झालावाड़। अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस के अवसर पर 1 अक्टूबर को विधानसभा क्षेत्र डग के रोजाना क्षेत्र में शतायु मतदाताओं का सम्मान किया गया। निर्वाचन विभाग की ओर से वरिष्ठ मतदाताओं के घर पहुंचकर उन्हें प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए और माला पहनाकर अभिनंदन किया गया।
विधानसभा क्षेत्र डग-197 की भाग संख्या 226, रोजाना में हरकुंवर बाई पत्नी मानसिंह के घर पहुंचकर उनका सम्मान किया गया। इसी क्रम में भाग संख्या 225 में अमरलाल पुत्र भेरूलाल को भी उनके निवास पर सम्मानित किया गया।
गंगधार तहसीलदार गणेश खंगार ने अमरलाल को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर माला पहनाई और उनके दीर्घ जीवन के लिए शुभकामनाएं दीं। दोनों शतायु मतदाताओं के घर पहुंचकर सम्मान किए जाने से परिवारजनों और ग्रामीणों में भी खुशी का माहौल रहा।
अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस हर वर्ष 1 अक्टूबर को मनाया जाता है। इसका उद्देश्य वरिष्ठ नागरिकों के सम्मान, उनके अधिकारों की रक्षा और समाज में उनके योगदान के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। वरिष्ठ मतदाताओं का घर पहुंचकर सम्मान करना उनके लोकतांत्रिक योगदान के प्रति सम्मान का भी प्रतीक है।






















































