लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
सीकर (योगेश ऋषिका)। पुरोहितों की ढाणी रोड को 40 फीट चौड़ा करने के नगर परिषद प्रस्ताव के खिलाफ स्थानीय ग्रामीण विरोध कर रहे हैं। मंगलवार को नगर परिषद की टीम मकानों और दुकानों पर नोटिस देने गई, लेकिन लोगों ने नोटिस लेने से मना कर दिया। नोटिस चिपकाने का प्रयास करते ही ग्रामीणों ने विरोध शुरू कर दिया, जिसके कारण नगर परिषद की टीम बैरंग लौट गई।
विवाद का कारण
नगर परिषद ने सड़क चौड़ाईकरण के लिए अतिक्रमण हटाने की मार्किंग पहले ही कर दी थी। इसके अनुसार कुछ मकान और दुकानों को 5 फीट तोड़ना है, तो कुछ को 15–18 फीट तक हटाना पड़ेगा। ग्रामीणों का कहना है कि सड़क 40 फीट चौड़ी होने से कई लोग बेघर हो जाएंगे, दुकानों के टूटने से रोज़ी-रोटी पर असर पड़ेगा।
ग्रामीणों की मांग है कि सड़क की चौड़ाई 40 फीट की बजाय 30 फीट ही की जाए।
ग्रामीणों की आपत्तियां
-
सड़क कॉलोनी रोड है, न कि राष्ट्रीय या राज्य राजमार्ग।
-
सड़क पर हैवी कमर्शियल ट्रैफिक या ट्रकों का दबाव नहीं है।
-
40 फीट चौड़ाई के कारण कई मकान पूरी तरह टूट जाएंगे, आधे मकान टूटने से भी परिवार प्रभावित होंगे।
-
वैकल्पिक आवास नहीं होने के कारण लोग बेघर हो सकते हैं।
-
सामाजिक और मानवीय दृष्टिकोण से 30 फीट सड़क पर्याप्त और उचित होगी।
ग्रामीणों में द्रोपदी देवी, सुरेंद्र शर्मा, लालचंद, संपत्ति देवी, मंजू शर्मा, विमला जांगिड़, विजेंद्र, शारदा देवी सहित कई लोग शामिल हैं।
प्रशासन का प्रस्ताव
नगर परिषद का प्रस्ताव है कि पुलिस लाइन से राधाकिशनपुरा होते हुए जयपुर–झुंझुनू बाईपास तक सड़क 40 फीट चौड़ी की जाए। इसके लिए सड़क के सेंटर पॉइंट से दोनों तरफ 20–20 फीट अतिक्रमण हटाने की मार्किंग की गई।
ग्रामीणों के विरोध और नोटिस न लेने के बाद नगर परिषद पुलिस जाब्ते के साथ कार्रवाई की तैयारी कर रही है।

















































