लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
पादूकलां। ग्राम पंचायत डोडियाना के होनहार युवा जवानाराम चौयल ने महज 20 वर्ष की उम्र में सरकारी सेवा में चयनित होकर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। किसान परिवार से आने वाले जवानाराम पुत्र नाथूराम चौयल की इस उपलब्धि से गांव में खुशी और गर्व का माहौल है।
ट्रेनिंग के लिए रवाना होने से पहले ग्रामीणों ने साफा पहनाकर एवं फूल-मालाओं से उनका भव्य स्वागत और सम्मान किया। जवानाराम ने सीमित संसाधनों और साधारण पारिवारिक परिस्थितियों के बावजूद कड़ी मेहनत, लगन और दृढ़ संकल्प के बल पर यह सफलता हासिल की।
जवानाराम के पिता नाथूराम चौयल खेती-बाड़ी कर परिवार का पालन-पोषण करते हैं। परिवार आज भी कच्चे मकान में निवास करता है, लेकिन माता-पिता ने बेटे की शिक्षा और तैयारी में कोई कमी नहीं आने दी। उनकी सफलता ने यह साबित कर दिया कि कठिन परिश्रम और मजबूत इरादों के दम पर किसी भी लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है।
ट्रेनिंग के लिए रवाना होते समय गांव में भावुक माहौल देखने को मिला। ग्रामीणों ने कहा कि जवानाराम की उपलब्धि क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणादायी है और यह मेहनत एवं संघर्ष की मिसाल है।
इस अवसर पर प्रशासक रेखाराम माट, भेरूराम नाला, रामचंद्र गेना, रामनारायण गटियाला, रघुवीर सैन, रामदेव उड़द, रामलाल चौयल, कैलाश चौयल, सुरेश चौयल, शिवजी चौयल, सीताराम चौयल, संग्राम नाला, महेंद्र ढाका सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
















































