पीसांगन  में 5 साल से फरार तीन इनामी जमीन माफिया गिरफ्तार

0
18
- Advertisement -

लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क

पीसांगन (अजमेर)। (ओमप्रकाश चौधरी) पीसांगन थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पिछले पांच वर्षों से फरार चल रहे तीन इनामी आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों पर ग्राम रिछमालिया की बेशकीमती कृषि भूमि का फर्जी मुख्त्यारनामा तैयार कर धोखाधड़ी से विक्रय करने का आरोप है।

थानाधिकारी सरोज चौधरी ने बताया कि 22 अक्टूबर 2021 को वैशाली नगर, अजमेर निवासी विजेंद्र सिंह भगासरा ने रिपोर्ट दर्ज करवाई थी। रिपोर्ट के अनुसार ग्राम रिछमालिया स्थित खाता संख्या 254, खसरा संख्या 477/3176, रकबा 1.62 हेक्टेयर भूमि, जो पार्वती देवी के नाम दर्ज थी, उसके संबंध में फर्जी दस्तावेज तैयार किए गए।

जांच में सामने आया कि बाड़मेर निवासी किशनराम और उसके साथियों ने 1 सितंबर 2021 को फर्जी मुख्त्यारनामा तैयार कर अगले ही दिन पावर ऑफ अटॉर्नी के आधार पर उक्त भूमि का विक्रय मेड़ता सिटी निवासी अशोक मेघवाल के नाम कर दिया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए थानाधिकारी सरोज चौधरी के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया। टीम में एएसआई गणेशराम सामरिया, फूलसिंह गुर्जर, महावीर प्रसाद शर्मा तथा कांस्टेबल सुखराम सेवदा, भोमाराम चोयल, जोराराम जाट, प्रधान जाट, मदनलाल विश्नोई एवं गुलाब शामिल रहे।

जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि आरोपियों ने वास्तविक खाताधारक पार्वती देवी के स्थान पर सोनम उर्फ सोनू के हस्ताक्षर करवाकर फर्जी मुख्त्यारनामा तैयार किया था। मामले में फरार चल रहे आरोपियों पर पुलिस अधीक्षक अजमेर द्वारा दो-दो हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।

पुलिस ने मुखबिर तंत्र, तकनीकी संसाधनों और आसूचना संकलन के आधार पर दबिश देकर डांगावास, मेड़ता सिटी निवासी 32 वर्षीय रामराज कमेड़िया, 40 वर्षीय धर्माराम जाट तथा भीलवाड़ा निवासी 36 वर्षीय सोनमदेवी उर्फ सोनू सांसी (हाल निवासी पंचशील, अजमेर) को गिरफ्तार किया।

पूछताछ के दौरान तीनों आरोपियों ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया, जिसके बाद उन्हें विधिवत गिरफ्तार कर लिया गया। थानाधिकारी सरोज चौधरी ने बताया कि मामले के मुख्य आरोपी खाखड़की, मेड़ता सिटी निवासी महिपाल पिचकिया की गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।

- Advertisement -

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here