लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
मौसमी बीमारियों की रोकथाम पर विशेष जोर
सीएमएचओ ने एंटी-लार्वा गतिविधियां नियमित चलाने और गर्भवती महिलाओं की प्रसवपूर्व जांच सुनिश्चित करने के दिए निर्देश
नैनवां (बूंदी)। मनोज कुमार योगी। जिला स्वास्थ्य समिति ब्लॉक नैनवां की ब्लॉक स्तरीय बैठक बुधवार को मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी बूंदी डॉ. ओ.पी. सामर की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में क्षेत्र की स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा करते हुए आमजन और मरीजों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।
गर्भवती महिलाओं के स्वास्थ्य पर विशेष फोकस
सीएमएचओ डॉ. सामर ने गर्भवती महिलाओं के सुरक्षित प्रसव को लेकर नियमित प्रसवपूर्व जांच, संतुलित पोषण और आयरन-फोलिक एसिड के सेवन पर विशेष जोर दिया। उन्होंने हाईरिस्क गर्भवती महिलाओं के लिए निर्धारित एसओपी और विभागीय निर्देशों की शत-प्रतिशत पालना सुनिश्चित करने के निर्देश चिकित्सा अधिकारियों को दिए।
मौसमी बीमारियों की रोकथाम के निर्देश
बैठक में वर्तमान में फैल रही मौसमी बीमारियों की रोकथाम और बचाव को लेकर भी चर्चा हुई। अधिकारियों को एंटी-लार्वा गतिविधियों सहित आवश्यक निरोधात्मक गतिविधियां नियमित रूप से संचालित करने के निर्देश दिए गए। इसके साथ ही स्वास्थ्य विभाग के विभिन्न कार्यक्रमों की प्रगति की समीक्षा कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
‘हरियालो राजस्थान’ के तहत पौधारोपण
हरियाली अमावस्या के अवसर पर ‘हरियालो राजस्थान’ कार्यक्रम के तहत स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों ने पौधारोपण भी किया। इस दौरान पर्यावरण संरक्षण और अधिक से अधिक पौधे लगाने का संदेश दिया गया।
बैठक में उपमुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी प्रदीप शर्मा, अतिरिक्त सीएमएचओ कमलेश शर्मा, बीसीएमओ एल.पी. नागर, पीएमओ नैनवां, बीपीओ सत्येंद्र दुबे, सीएचसी-पीएचसी के चिकित्सा अधिकारी प्रभारी सहित स्वास्थ्य विभाग के अन्य अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।



















































