लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
सम्मान समारोह में बोले सीएम—युवा पीढ़ी लोकतंत्र सेनानियों के त्याग और अनुभव से ले प्रेरणा, राज्य सरकार संरक्षित करेगी उनका योगदान
जयपुर । मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि आपातकाल के दौरान लोकतंत्र सेनानियों का संघर्ष लोकतंत्र की रक्षा की ऐतिहासिक गाथा है। उनका त्याग, तपस्या और समर्पण आज की युवा पीढ़ी के लिए प्रेरणा का स्रोत है। लोकतंत्र सेनानियों को अपने अनुभवों के माध्यम से समाज को लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति समर्पित भाव से कार्य करने के लिए प्रेरित करना चाहिए।
मुख्यमंत्री बुधवार को मुख्यमंत्री निवास पर आयोजित लोकतंत्र सेनानी सम्मान समारोह को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने लोकतंत्र सेनानियों के संघर्ष और योगदान को नमन करते हुए कहा कि देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था के पीछे अनेक पीढ़ियों का त्याग और संघर्ष रहा है।
आपातकाल के संघर्ष को नई पीढ़ी तक पहुंचाने की जरूरत
मुख्यमंत्री ने कहा कि देश को आजादी अनेक पीढ़ियों के बलिदान के बाद मिली। वहीं आपातकाल के दौरान लोकतंत्र सेनानियों ने कठिन परिस्थितियों का सामना करते हुए राष्ट्रहित में लोकतंत्र की रक्षा की।
उन्होंने कहा कि युवा पीढ़ी को यह जानना जरूरी है कि आज उसे जो लोकतांत्रिक व्यवस्था सहज रूप से उपलब्ध है, उसके पीछे लोकतंत्र सेनानियों का त्याग और संघर्ष छिपा है।
मुख्यमंत्री ने लोकतंत्र सेनानियों से अपने जीवन के अनुभवों को लिखित रूप में दर्ज करने का आह्वान किया, ताकि आने वाली पीढ़ियां उस दौर के संघर्ष और लोकतांत्रिक मूल्यों को समझ सकें। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार लोकतंत्र सेनानियों के योगदान को संरक्षित करने के लिए कार्य करेगी। 
राष्ट्रहित में संवाद बढ़ाएं लोकतंत्र सेनानी
सीएम ने कहा कि लोकतंत्र सेनानी समाज में सकारात्मक वातावरण तैयार करने के लिए राष्ट्रहित से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर सभी वर्गों के साथ निरंतर संवाद करें। इससे सुशासन, विकास और सामाजिक संवेदना को सर्वोच्च प्राथमिकता देने की भावना मजबूत होगी।
उन्होंने कहा कि लोकतंत्र सेनानियों की पीढ़ी ने आपातकाल जैसी कठिन परिस्थितियों को देखा और सहा है। इसलिए उनके पास समाज और राष्ट्र को दिशा देने का महत्वपूर्ण अनुभव है। प्रदेश को उनके अनुभवों का लाभ मिलना चाहिए।
‘राष्ट्र निर्माण के सपने को आगे बढ़ा रही सरकार’
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में वर्ष 2014 के बाद देश तेजी से आगे बढ़ रहा है। अर्थव्यवस्था मजबूत हुई है, गरीब कल्याण और विकास की योजनाओं का विस्तार हुआ है तथा वैश्विक मंच पर भारत का गौरव बढ़ा है।
उन्होंने कहा कि लोकतंत्र सेनानियों ने जिस राष्ट्र निर्माण का सपना देखा था, उसे आगे बढ़ाने के लिए सरकार लगातार काम कर रही है।
समारोह में बड़ी संख्या में लोकतंत्र सेनानी मौजूद
इस अवसर पर विधायक गोपाल शर्मा, पूर्व सांसद राजेन्द्र गहलोत सहित बड़ी संख्या में लोकतंत्र सेनानी उपस्थित रहे। मुख्यमंत्री ने लोकतंत्र सेनानियों के संघर्ष, त्याग और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा में उनके योगदान को सम्मान के साथ याद किया।






















































