नागौर में 18 अक्टूबर को दुर्गा वाहिनी का शौर्य पथ संचलन 

0
17
- Advertisement -

लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क

दुर्गा अष्टमी पर होगा शस्त्र पूजन और बौद्धिक कार्यक्रम, तलवारबाजी सहित शारीरिक प्रदर्शन भी होंगे

नागौर। (प्रदीप कुमार डागा) विश्व हिंदू परिषद की महिला इकाई दुर्गा वाहिनी और मातृशक्ति की ओर से आगामी 18 अक्टूबर को दुर्गा अष्टमी के अवसर पर शस्त्र पूजन एवं शौर्य पथ संचलन का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम को लेकर शहर में जनसंपर्क अभियान चलाया जा रहा है। विभिन्न स्थानों पर पोस्टर विमोचन कर महिलाओं और युवतियों को कार्यक्रम में शामिल होने का निमंत्रण दिया जा रहा है।

दुर्गा वाहिनी की जिला संयोजिका भारती वैष्णव ने बताया कि दुर्गा अष्टमी के दिन संगठन का स्थापना दिवस भी मनाया जाता है। इस अवसर पर महिलाओं और युवतियों में राष्ट्रभाव जागृत करने के उद्देश्य से शौर्य संचलन आयोजित किया जा रहा है।

शस्त्र पूजन के बाद होगा शारीरिक प्रदर्शन

दुर्गा वाहिनी की पूनम सारस्वत ने बताया कि शस्त्र पूजन और बौद्धिक कार्यक्रम के बाद संगठन की बहनों की ओर से तलवारबाजी सहित विभिन्न शारीरिक प्रदर्शन किए जाएंगे। मातृशक्ति की प्रांत सहसंयोजिका बबीता बेनीवाल ने बताया कि कार्यक्रम में दुर्गा वाहिनी की राजस्थान क्षेत्र संयोजिका लता पांडे का उद्बोधन भी होगा।

इन मार्गों से गुजरेगा पथ संचलन

दुर्गा वाहिनी जोधपुर प्रांत की बाल संस्कार केंद्र संयोजिका कविता सैनी ने बताया कि पथ संचलन शिवबाड़ी मंदिर से प्रारंभ होगा। यहां से किले की ढाल, गांधी चौक, तहसील चौक, सदर बाजार, तिगरी बाजार, काठड़ियों का चौक, बंशीवाला मंदिर, तुलसी चौक, लोहियों का चौक, दरावाड़ी, भूतनाथ महादेव मंदिर और केशवदासजी की बगीची होते हुए संचलन बख्तासागर स्थित सारस्वत समाज की बगीची पहुंचेगा, जहां कार्यक्रम का समापन होगा।

शारदा बालिका निकेतन में पोस्टर विमोचन

जनसंपर्क अभियान के तहत विश्व हिंदू परिषद के जिला अध्यक्ष सूरजमल भाटी और दुर्गा वाहिनी की माया सांखला ने शारदा बालिका निकेतन विद्यालय पहुंचकर पथ संचलन का निमंत्रण दिया तथा कार्यक्रम से संबंधित पोस्टर का विमोचन किया। इस दौरान छात्राओं को दुर्गा वाहिनी के संगठन और उसकी गतिविधियों के बारे में जानकारी दी गई।

कार्यक्रम में कमला चारण, विनोद जोशी, सीमा मिश्रा, पुष्पलता व्यास, अनुपमा उपाध्याय और सुनीता तिवारी सहित विद्यालय के आचार्य-आचार्याएं एवं छात्राएं मौजूद रहीं।

 

- Advertisement -

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here