लोक टुडे न्युज़ नेटवर्क
अंता उपचुनाव। मोरपाल सुमन ने शनिवार को शुभ मुहूर्त में भाजपा प्रत्याशी के रूप में अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। नामांकन के दौरान भाजपा के कई दिग्गज नेता और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एवं समर्थक मौजूद रहे। रैली बालाजी की बगीची से शुरू होकर मुख्य मार्गों से होते हुए निर्वाचन कार्यालय पहुंची।
नामांकन के मौके पर सुमन के साथ क्षेत्रीय सांसद दुष्यंत सिंह, न्याय मंत्री जोगाराम पटेल, देवनारायण बोर्ड के अध्यक्ष ओम प्रकाश भडाना, पूर्व मंत्री चंद्र कृपलानी सहित कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।
पूजा-अर्चना के बाद नामांकन दाखिल
नामांकन से पहले मोरपाल सुमन अपने आराध्य बड़ा की बावड़ी स्थित गणेश जी महाराज एवं श्री जी कल्याण राय जी महाराज के मंदिर पहुंचे और पूजन-अर्चन किया। इसके बाद वे रैली के रूप में नामांकन स्थल तक पहुंचे।
“ईमानदारी के भरोसे मिला टिकट” — मोरपाल सुमन
मीडिया से बात करते हुए सुमन ने कहा कि वे एक गरीब किसान परिवार से हैं और उनके पिता ने हाली तक का काम किया है। उन्होंने कहा, “मैं गरीब परिवार से निकला हूं और आज जहां हूं, वह मेरी ईमानदारी और पार्टी के प्रति निष्ठा का परिणाम है। पार्टी ने मुझ पर जो भरोसा जताया है, उस पर खरा उतरूंगा।”
उन्होंने वसुंधरा राजे और दुष्यंत सिंह का आभार जताते हुए कहा कि वे सभी 36 कोमो को साथ लेकर चुनाव लड़ेंगे और जीत दर्ज करेंगे।
“यह चुनाव सभी कार्यकर्ताओं का” — दुष्यंत सिंह
सांसद दुष्यंत सिंह ने कहा कि यह चुनाव सिर्फ मोरपाल सुमन का नहीं, बल्कि सभी कार्यकर्ताओं का है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर चुनाव जीतने का आह्वान किया।
नामांकन कार्यक्रम में बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता और समर्थक मौजूद रहे, जिससे पार्टी का शक्ति प्रदर्शन भी साफ झलका।


















































