लोक टुडे न्युज़ नेटवर्क
बारां ।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी के लिए जनता की सेवा ही सर्वोच्च ध्येय है, जबकि कांग्रेस तुष्टिकरण और भ्रष्टाचार की राजनीति करती है। उन्होंने कहा कि अंता का चुनाव भाजपा के विकास और कांग्रेस के भ्रष्टाचार के बीच है।
मुख्यमंत्री शर्मा ने मांगरोल में भाजपा प्रत्याशी मोरपाल सुमन के समर्थन में भव्य रोड शो किया और आमजन से सुमन को भारी मतों से विजयी बनाने की अपील की। 
“दो साल में किया वो काम, जो कांग्रेस ने पांच साल में नहीं किया”
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने जनता के लिए जितना काम दो साल में किया है, उतना कांग्रेस सरकार अपने पूरे कार्यकाल में नहीं कर सकी।
उन्होंने बताया कि अब तक 91 हजार युवाओं को नियुक्तियां दी जा चुकी हैं और 1.5 लाख पदों पर भर्ती प्रक्रियाधीन है। आने वाले तीन साल में सरकार 4 लाख सरकारी नौकरियों का वादा पूरा करेगी।
प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश छू रहा विकास की नई ऊंचाइयां
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश ने 2014 के बाद अभूतपूर्व विकास किया है — किसानों का सशक्तिकरण, गरीब कल्याण योजनाएं, नक्सलवाद पर नियंत्रण और विश्व स्तर पर भारत का गौरव बढ़ाना इसका उदाहरण है।
उन्होंने कहा कि राजस्थान में डबल इंजन की सरकार हर विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्य करवा रही है। 
बारां-अंता क्षेत्र में बड़े विकास कार्य जारी
मुख्यमंत्री ने बताया कि
-
₹174 करोड़ से माल बामोरी–मांगरोल–बारां सड़क का निर्माण प्रारंभ हो चुका है।
-
₹65 करोड़ की लागत से अंता से सिसवाली तिराहा तक 4 लेन सड़क और रेल ओवरब्रिज का कार्य जल्द शुरू होगा।
-
₹15 करोड़ की लागत से मऊ से लालकोठी सड़क सुदृढ़ीकरण कार्य 25% पूरा हो चुका है।
-
38 किमी लंबी चंबल दायीं नहर पक्की करने के लिए ₹300 करोड़ स्वीकृत किए गए हैं।
-
ईआरसीपी परियोजना के लिए ₹26 हजार करोड़ के कार्यादेश जारी हो चुके हैं।
-
अंता में नालों का निर्माण कार्य भी जल्द प्रारंभ होगा।

वसुंधरा राजे ने की भाजपा प्रत्याशी के पक्ष में अपील
पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने सभा में कहा कि मौजूदा सरकार बारां और अंता क्षेत्र में सड़कों का जाल बिछा रही है, जिससे मंडी क्षेत्र और ग्रामीण इलाकों को बेहतर संपर्क मिलेगा। उन्होंने मतदाताओं से भाजपा प्रत्याशी मोरपाल सुमन को भारी मतों से जिताने की अपील की।
रोड शो में जनता का उत्साह
मांगरोल में आयोजित रोड शो में हजारों लोग उमड़े। मुख्यमंत्री और वसुंधरा राजे ने सुभाष चौक से सीसवाली चौराहे तक रथ में रोड शो किया।
ढाई किलोमीटर लंबे रोड शो में 51 स्वागत द्वार बनाए गए। जनता ने पुष्पवर्षा, ढोल-नगाड़ों और नारेबाजी के साथ नेताओं का स्वागत किया।
मुख्यमंत्री ने इस दौरान नारा लगाया — “इस माटी का एक ही लाल, मोरपाल-मोरपाल!”
इस अवसर पर प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़, उपमुख्यमंत्री डॉ. प्रेमचंद बैरवा, सांसद दुष्यंत सिंह, मंत्री जोगाराम पटेल और बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।













































