लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
कठूमर (अलवर)।
रिपोर्ट: संजीव बंसल
अलवर जिले के कठूमर कस्बे में गुरुवार सुबह करीब 5 बजे से लगातार हो रही झमाझम बारिश के कारण जनजीवन प्रभावित हो गया। लगातार बारिश से नगर पालिका क्षेत्र के मुख्य बाजार सहित कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई, जिससे लोगों और व्यापारियों की परेशानी बढ़ गई है।
मुख्य बाजार की सड़कों पर पानी भर जाने से आवागमन प्रभावित हो रहा है। वहीं, दुकानदारों को अपनी दुकानों में पानी घुसने की आशंका सताने लगी है। कई व्यापारियों ने जल निकासी की व्यवस्था को लेकर चिंता जताई है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि बारिश के साथ ही नगर पालिका की सफाई और जल निकासी व्यवस्था की पोल खुल गई है। नालियों से पानी की निकासी नहीं होने के कारण बाजार में पानी जमा हो गया, जिससे व्यापारियों और राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
व्यापारियों ने नगर पालिका प्रशासन से जलभराव की समस्या का तत्काल समाधान करने और बारिश के मौसम में प्रभावी जल निकासी व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है।
बारिश का दौर समाचार लिखे जाने तक जारी था, जिससे जलभराव की स्थिति और गंभीर होने की आशंका बनी हुई है।
















































