लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
सुमेरपुर। पशुपालन, गोपालन, डेयरी एवं देवस्थान विभाग के कैबिनेट मंत्री जोराराम कुमावत ने पाली जिले के सुमेरपुर–कोलीवाड़ा मार्ग पर निर्माणाधीन पुल एवं नाले के कार्यों का औचक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान मंत्री कुमावत ने मौके पर उपस्थित अधिकारियों से निर्माण कार्य की गुणवत्ता और प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने सख्त निर्देश देते हुए कहा कि “निर्माण कार्य को निर्धारित समयावधि में पूरा किया जाए और गुणवत्ता में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए।”
मंत्री ने कहा कि इस सड़क के निर्माण से ग्राम्य क्षेत्रों की कनेक्टिविटी में सुधार आएगा और स्थानीय लोगों को बेहतर परिवहन सुविधा प्राप्त होगी। ग्रामीणों के आवागमन में सुविधा मिलने से सामाजिक और आर्थिक विकास को भी गति मिलेगी। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि राज्य सरकार ग्रामीण विकास को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है और बजट घोषणाओं के क्रियान्वयन में गंभीरता एवं प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है।
बिपरजॉय स्कीम के तहत वर्ष 2024-25 में 125 लाख रुपए की लागत से करीब तीन किलोमीटर लंबी सड़क का नवीनीकरण और पुल निर्माण किया जाएगा। इस परियोजना में तीन जगह पाइप भी डाली जाएंगी।
निरीक्षण के दौरान सांसद प्रतिनिधि अनूप सिंह, भाजपा जिला मंत्री दिनेश सिंह राजपुरोहित, जिला उपाध्यक्ष पूनम सिंह परमार और सुमेरपुर के मंडल अध्यक्ष रविकांत रावल सहित अन्य अधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
मंत्री कुमावत ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में मजबूत सड़क नेटवर्क से विकास की नई राहें खुलेंगी और इससे क्षेत्रवासियों के जीवन स्तर में सुधार होगा।

















































