लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
कैबिनेट मंत्री जोराराम कुमावत का हुआ अभूतपूर्व स्वागत
जयपुर। पाली जिले के पॉलिटिकल और यातायात क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण बदलाव हुआ है। अब जवाई बांध रेलवे स्टेशन का नाम बदलकर सुमेरपुर-जवाई बांध रेलवे स्टेशन कर दिया गया है। यह बदलाव यात्रियों और टिकट बुकिंग में भ्रम से बचने के उद्देश्य से किया गया है।
राजस्थान सरकार के सामान्य प्रशासन विभाग ने इस संबंध में अधिसूचना जारी की। प्रमुख शासन सचिव नवीन जैन ने बताया कि यह नाम परिवर्तन भारत सरकार के गृह मंत्रालय के अवर सचिव की सहमति के बाद किया गया है।
इस निर्णय में सुमेरपुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक और पशुपालन, गोपालन, डेयरी एवं देवस्थान विभाग के कैबिनेट मंत्री जोराराम कुमावत की महत्वपूर्ण भूमिका रही। उनके प्रयासों और जनप्रतिनिधियों की पहल के चलते यह रेलवे स्टेशन का नाम संशोधन संभव हुआ।
सांसद पीपी चौधरी और स्थानीय विधायक जोराराम कुमावत को लंबे समय से स्थानीय निवासियों ने ज्ञापन देकर इस मांग को रेलवे मंत्रालय तक पहुंचाने की अपील की थी। इसके बाद कैबिनेट मंत्री जोराराम कुमावत ने रेल मंत्री अश्विन वैष्णव को इस विषय में अवगत कराया और परिणामस्वरूप नाम परिवर्तन के आदेश जारी किए गए।
नाम परिवर्तन की घोषणा के बाद शनिवार को सुमेरपुर में स्थानीय निवासियों ने कैबिनेट मंत्री जोराराम कुमावत का जोरदार और अभूतपूर्व स्वागत किया। मंत्री अपने निजी आवास पर पहुंचे, जहां उन्हें फूल-मालाओं से सम्मानित किया गया।
यह नाम परिवर्तन न सिर्फ क्षेत्रवासियों की वर्षों की मांग को पूरा करता है, बल्कि रेल यातायात और टिकट बुकिंग में स्पष्टता भी सुनिश्चित करेगा।
















































