लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
भरतपुर। राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा नगरीय निकाय आम चुनाव-2026 की घोषणा के साथ ही जिले में आदर्श आचार संहिता प्रभावी हो गई है। इसके साथ ही नगर निगम भरतपुर सहित जिले की छह नगरपालिकाओं में चुनावी प्रक्रिया शुरू हो गई है।
आचार संहिता लागू होते ही नगर निगम प्रशासन एक्शन मोड में आ गया है। सार्वजनिक स्थलों पर लगे सरकारी बैनर, पोस्टर और होर्डिंग्स को हटाने का अभियान भी शुरू कर दिया गया है।
दो चरणों में होगा मतदान
जिला निर्वाचन अधिकारी कमर चौधरी ने बताया कि जिले में नगर निगम भरतपुर एवं छह नगरपालिकाओं के चुनाव दो चरणों में संपन्न कराए जाएंगे।
प्रथम चरण (9 सितम्बर):
- नगर निगम भरतपुर
- नगरपालिका भुसावर
- नगरपालिका रूपवास
द्वितीय चरण (11 सितम्बर):
- नगरपालिका वैर
- नगरपालिका बयाना
- नगरपालिका उच्चैन
- नगरपालिका नदबई
मतदान का समय प्रातः 7 बजे से सायं 6 बजे तक निर्धारित किया गया है।
जिले में 237 वार्ड, 373 मतदान केंद्र
जिले के सभी नगरीय निकायों में कुल 237 वार्ड हैं। चुनाव के लिए 373 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। इन केंद्रों पर 3 लाख 13 हजार 433 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे।
यह रहेगा चुनाव कार्यक्रम
जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि प्रथम चरण के चुनाव के लिए सदस्य पदों की लोक सूचना 27 अगस्त को जारी की जाएगी।
- नामांकन पत्र दाखिल करने की अंतिम तिथि : 31 अगस्त
- नामांकन पत्रों की संवीक्षा : 1 सितंबर
- नाम वापसी की अंतिम तिथि : 3 सितंबर, दोपहर 3 बजे तक
- चुनाव चिन्ह आवंटन : 4 सितंबर
14 सितंबर को होगी मतगणना
राज्य निर्वाचन आयोग के कार्यक्रम के अनुसार दोनों चरणों के मतदान के बाद नगरीय निकाय चुनावों की मतगणना 14 सितंबर को की जाएगी। मतगणना पूरी होने के बाद परिणाम घोषित किए जाएंगे।
चुनाव कार्यक्रम की घोषणा के साथ ही जिले में राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं और विभिन्न दलों के संभावित उम्मीदवारों ने जनसंपर्क अभियान शुरू कर दिया है।





















































