लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
जमवारामगढ़। पर्यावरण संरक्षण, हरियाली बढ़ाने और आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ एवं सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने के उद्देश्य से रविवार, 16 अगस्त को जमवारामगढ़ क्षेत्र में ‘पेड़ लगाओ जीवन बचाओ अभियान-2026’ के तहत व्यापक वृक्षारोपण एवं पौधा वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम श्री लक्ष्मीनारायण मीणा मेमोरियल ट्रस्ट, कानड़ियावाला के सहयोग से टीम सुमन मीणा (TSM), जमवारामगढ़ द्वारा आयोजित किया गया।
अभियान के तहत कानड़ियावाला, काली पहाड़ी, राजपुरवास ताला, भुरानपुरा, हरिपुरा, गढ़वाड़ी, बोबाड़ी, अजबपुरा, धुलेर, जयचंदपुरा, लाडिपुरा और धोला सहित विभिन्न गांवों एवं स्थानों पर पौधारोपण किया गया तथा ग्रामीणों को पौधे वितरित किए गए।
इस अवसर पर डा. हर सहाय मीणा, आईएएस ने कहा कि प्रकृति ही हमारे जीवन का वास्तविक आधार है। आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ हवा, पर्याप्त जल और सुरक्षित पर्यावरण सुनिश्चित करने के लिए अधिक से अधिक पेड़ लगाना और लगाए गए पौधों की जिम्मेदारी से देखभाल करना जरूरी है।
उन्होंने कहा कि पौधारोपण को केवल एक दिन का कार्यक्रम नहीं, बल्कि जन-अभियान बनाया जाना चाहिए। प्रत्येक परिवार कम से कम दो पौधे लगाए—एक अपने लिए और दूसरा परिवार एवं आने वाली पीढ़ियों के लिए। पौधा लगाना पहला कदम है, उसे वृक्ष बनाना हमारी वास्तविक जिम्मेदारी है।
ट्रस्ट अध्यक्ष एवं पंचायत समिति सदस्य मानोता सुमन मीणा ने कहा कि पेड़ हमारे जीवन, पर्यावरण और भविष्य की सुरक्षा का आधार हैं। पर्यावरण संरक्षण के अभियान में महिलाओं, युवाओं और ग्रामीण परिवारों की भागीदारी बेहद जरूरी है। उन्होंने क्षेत्रवासियों से अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लेने और लगाए गए पौधों की परिवार के सदस्य की तरह देखभाल करने की अपील की।
सुमन मीणा ने कहा, “हर साल दो पेड़ लगाएं, धरती मां का कर्ज चुकाएं; पहला पेड़ अपने लिए और दूसरा पेड़ अपनों के लिए लगाएं।”
कार्यक्रम में रंगलाल चावंडिया, मुकेश सीकर, चन्द्रसिंह तहसीलदार, पूर्व सीआई बनवारीलाल भुरानपुरा, पूर्व मैनेजर नरसी मीणा, रामकुवार, रामचंद्र गठवाड़ी, राजेंद्र सिंह ब्रजपुरा, फूलचंद घाटी, विनोद सालाडवास, मांगीलाल तेजपाल राजपुरवास, जयराम मानोता, धोलूराम बोबाड़ी, हरिसिंह बृजपुरा, सुभाष लाड़ीपुरा, कृष्ण, विकास, लोकेश धोला, रोहिताश, अमित मीणा, धोलूराम, पूरण, सन्नी, राकेश डालू, लेखराज, दिनेश, देवेन्द्र देवड़वाल, ओम प्रकाश प्रजापत, राकेश, मुकेश डोडा, हरलाल, दीपक भावपुरा, हीरालाल, श्रीकृष्ण, फैलीराम नटाटा, कजोड़ कैलानवास, राजेश सरजोली डूंगरसी, खेमचंद झोल सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण, पर्यावरण प्रेमी एवं टीम सुमन मीणा के कार्यकर्ता मौजूद रहे।
आयोजकों ने कहा कि अभियान का उद्देश्य केवल पौधारोपण तक सीमित नहीं है, बल्कि पौधों के संरक्षण और उन्हें पेड़ बनने तक उनकी देखभाल के लिए लोगों को प्रेरित करना भी है। अभियान में श्री लक्ष्मीनारायण मीणा मेमोरियल ट्रस्ट, कानड़ियावाला के ट्रस्टियों की भी सक्रिय भागीदारी रही।

















































