लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
पुलिस ने शव उतरवाया
मूंडवा थाना क्षेत्र के खुड़खुड़ा फांटे की घटना; कुछ माह पहले ग्रामीण पर तलवार से हमला करने के मामले में जेल में था महंत, दो दिन पहले ही जमानत पर आया था
नागौर/मूंडवा। (प्रदीप कुमार डागा) मूंडवा थाना क्षेत्र के खुड़खुड़ा फांटे स्थित श्री पंच 10 नाम जुना अखाड़ा 14 मढ़ी के सिद्ध धूणे परिसर में रविवार सुबह एक महंत का शव पेड़ से लटका मिलने से सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही मौके पर आसपास के लोगों की भीड़ जमा हो गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को पेड़ से नीचे उतरवाया और जांच शुरू कर दी।
जानकारी के अनुसार, यहां के महंत मंगलगिरी ने सिद्ध धूणे परिसर में स्थित पीपल के पेड़ से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की सूचना मिलने पर मूंडवा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया।
पुलिस ने शुरू की जांच
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों की ओर से घटनास्थल से जुड़े तथ्यों और आसपास मौजूद लोगों से जानकारी जुटाई जा रही है। फिलहाल महंत के आत्महत्या करने के कारणों का स्पष्ट रूप से पता नहीं चल पाया है।
पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही घटना से जुड़े अन्य तथ्यों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। मामले में परिजनों अथवा संबंधित पक्ष की रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
दो दिन पहले ही जमानत पर आया था महंत
बताया जा रहा है कि महंत मंगलगिरी कुछ माह पहले एक विवाद के दौरान ग्रामीण पर तलवार से हमला करने के मामले में हिरासत में था। इस मामले में वह जेल में था और दो दिन पहले ही जमानत पर बाहर आया था।
हालांकि, आत्महत्या की घटना का इस मामले से कोई संबंध है या नहीं, यह अभी स्पष्ट नहीं है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
घटना के बाद अखाड़ा परिसर और आसपास के क्षेत्र में शोक का माहौल है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।




















































