लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
रंग-बिरंगी रोशनी से सजा मंदिर, आज निकलेगी भव्य कलश यात्रा
पादूकलां। कस्बे के सीनियर सेकेंडरी मार्ग स्थित प्रजापतों के मोहल्ले में बने श्री यादे माताजी मंदिर परिसर में मंगलवार को प्रजापत समाज की कुलदेवी श्री यादे माताजी की जयंती श्रद्धा और हर्षोल्लास के साथ मनाई जाएगी। जयंती महोत्सव को लेकर समाजजनों में उत्साह का माहौल है। इस अवसर पर नव निर्मित मंदिर को आकर्षक ढंग से सजाया गया है तथा रंग-बिरंगी रोशनी से भव्य रूप दिया गया है, जो श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र बना हुआ है।
आयोजन समिति अध्यक्ष खाकीराम प्रजापत ने बताया कि प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी जन्मोत्सव पर अनेक धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। मंगलवार प्रातः मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना, हवन एवं महाआरती का आयोजन होगा। इसके पश्चात कस्बे में भव्य कलश यात्रा एवं शोभायात्रा निकाली जाएगी, जिसमें प्रजापत समाज के गणमान्य नागरिकों के साथ बड़ी संख्या में महिलाएं एवं युवा भाग लेंगे।
कार्यक्रम के दौरान भजन-कीर्तन, प्रसादी वितरण तथा सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी होंगी। आयोजन समिति ने समस्त समाजबंधुओं से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर धर्मलाभ लेने का आह्वान किया है।
















































