लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
*16 जुलाई को श्री गोविन्द देवजी मंदिर परिसर से निकलेगी चतुर्थ जयपुर श्री जगन्नाथ रथ यात्रा*
जयपुर। भगवान श्री जगन्नाथ महाप्रभु, श्री बलभद्र जी एवं माता सुभद्रा जी का पावन *स्नान यात्रा महोत्सव* आज प्रतापनगर (घरौंदा) स्थित *श्री राधारमण खाटूश्याम मंदिर परिसर के श्री जगन्नाथ मंदिर* में वैदिक मंत्रोच्चार एवं पारंपरिक विधि-विधान के साथ सम्पन्न हुआ।
इस अवसर पर भगवान श्री जगन्नाथ, श्री बलभद्र एवं माता सुभद्रा का *108 पवित्र कलशों* के दिव्य जल, चंदन, औषधीय द्रव्यों एवं विभिन्न तीर्थों के पवित्र जल से महाअभिषेक किया गया। मान्यता है कि इस दिव्य स्नान के उपरांत भगवान को ज्वर हो जाता है, जिसके कारण वे *अनवसरा (विश्राम काल)* में चले जाते हैं। इस अवधि में भगवान अपने भक्तों को दर्शन नहीं देते तथा स्वास्थ्य लाभ करते हैं।
मुख्य सेवक देबज्योति राय ने दी जानकारी
*श्री जगन्नाथ सेवक समिति* के मुख्य सेवक देबज्योति राय* ने बताया कि परंपरा के अनुसार *30 जून से 15 जुलाई 2026* तक श्री जगन्नाथ मंदिर भक्तों के दर्शनार्थ बंद रहेगा। इसके पश्चात *15 जुलाई* को भगवान *नेत्रोत्सव दर्शन* के माध्यम से पुनः भक्तों को दर्शन देंगे तथा *16 जुलाई को सायं 5:00 बजे* भगवान श्री जगन्नाथ अपने भाई श्री बलभद्र एवं बहन माता सुभद्रा के साथ भव्य रथ पर आरूढ़ होकर *श्री गोविन्द देवजी मंदिर परिसर* से चतुर्थ *जयपुर श्री जगन्नाथ रथ यात्रा* के लिए प्रस्थान करेंगे।
इस वर्ष भगवान श्री जगन्नाथ के स्वास्थ्य लाभ हेतु *आरोहण आयुर्वेद* के प्रख्यात आयुर्वेदाचार्य *डॉ. के. वी. नरसिम्हा राजू* को विशेष रूप से नियुक्त किया गया है। वे भगवान के लिए पारंपरिक आयुर्वेदिक *’काढ़ा (काड़ा)’* तैयार करेंगे, जिसे प्रतिदिन भगवान को अर्पित किया जाएगा। मान्यता है कि इसी उपचार के पश्चात भगवान स्वस्थ होकर अपने भक्तों को दर्शन देते हैं।
दीया कुमारी करेंगी शोभायात्रा को रवाना
श्री देबज्योति राय ने बताया कि इस वर्ष जयपुर रथ यात्रा का शुभारंभ *16 जुलाई 2026 को सायं 5:00 बजे जलेबी चौक* से होगा, जहाँ *राजस्थान की माननीय उपमुख्यमंत्री, पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री हर हाइनेस प्रिंसेस दीया कुमारी तथा *सिरमौर के महाराजा हर हाइनेस महाराजा लक्ष्यराज प्रकाश * भगवान श्री जगन्नाथ के दिव्य रथ के समक्ष पारंपरिक एवं ऐतिहासिक *’छेरा पहरा’* सेवा संपन्न करेंगे। यह प्राचीन परंपरा भगवान के समक्ष समर्पण, सेवा और विनम्रता का प्रतीक मानी जाती है।
स्नान यात्रा महोत्सव में * ओमप्रकाश राजपुरोहित, एम.एम. पालीवाल, अधीर कुमार बाग, बिनोद राय, अभिनव सेन, ज्योति सागर राय, मनोज तोमर, लक्ष्मण , संगीता बाग* सहित अनेक गणमान्य श्रद्धालु एवं समाजसेवी उपस्थित रहे और भगवान श्री जगन्नाथ महाप्रभु का आशीर्वाद प्राप्त किया।





















































