लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
पीसांगन (अजमेर)। स्थानीय संवाददाता- ओमप्रकाश चौधरी।
पीसांगन पुलिस ने नाबालिग से दुष्कर्म एवं बहला-फुसलाकर भगा ले जाने के मामले में गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे 2 दिन के पुलिस रिमांड पर सौंपा गया है। मामला पॉक्सो एक्ट के तहत दर्ज है।
थानाधिकारी सरोज चौधरी ने बताया कि 14 मई को पीड़िता की मां ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसकी नाबालिग पुत्री को कोई व्यक्ति बहला-फुसलाकर भगा ले गया है। रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
मामले की गंभीरता को देखते हुए थानाधिकारी सरोज चौधरी के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई, जिसमें एएसआई गणेशराम सामरिया, फुलसिंह गुर्जर, कांस्टेबल भोमाराम चोयल, सुखाराम सेवदा, प्रधान जाट एवं जोराराम जाट को शामिल किया गया।
पुलिस टीम ने तकनीकी जांच के तहत संदिग्ध मोबाइल नंबरों की सीडीआर निकाली तथा घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले। साथ ही मुखबिर तंत्र की सूचना के आधार पर पुलिस ने पीड़िता को दस्तयाब करते हुए मकरेड़ा (मांगलियावास थाना क्षेत्र) निवासी बबलू भील (26) को पकड़ लिया।
अनुसंधान के दौरान आरोपी के विरुद्ध पॉक्सो एक्ट के तहत अपराध प्रमाणित पाए जाने पर उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया। न्यायालय ने आरोपी को 2 दिन के पुलिस रिमांड पर भेजा है।
थानाधिकारी ने बताया कि प्रकरण में आगे की जांच जारी है तथा पीड़िता को चाइल्ड वेलफेयर कमेटी के समक्ष पेश कर आवश्यक कानूनी सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।

















































