लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
जयपुर (लोक टुडे न्यूज नेटवर्क, रूपनारायण सांवरिया) – राज्यसभा में भाजपा सांसद मदन राठौड़ ने भारत सरकार की वित्तीय साक्षरता आधारित पहल ‘निवेशक दीदी चरण-II’ को लेकर कॉरपोरेट कार्य मंत्रालय से विस्तृत जानकारी प्राप्त की।
मंत्री हर्ष मल्होत्रा के अनुसार, यह योजना विशेष रूप से ग्रामीण और अल्पसेवित क्षेत्रों की महिलाओं को वित्तीय जागरूक बनाने, सुरक्षित डिजिटल वित्तीय सेवाओं, जिम्मेदार बचत और निवेश निर्णयों की दिशा में प्रेरित करने और ऑनलाइन धोखाधड़ी से सतर्क करने के उद्देश्य से चलाई जा रही है।
सांसद राठौड़ ने बताया कि यह पहल ‘महिलाओं द्वारा-महिलाओं के लिए’ आधारित है। इसके तहत स्वयं सहायता समूहों, महिला मंडलों और ग्रामीण डाक कर्मचारियों को जोड़कर इंटरएक्टिव प्रशिक्षण शिविर आयोजित किए जाते हैं। इसमें कहानी कहने, समूह सहभागिता और डिजिटल बैंकिंग के प्रदर्शन जैसे आधुनिक तरीके अपनाए जाते हैं।
राजस्थान में इस अभियान की प्रभावशाली प्रगति रही है। 2023-24 में 22 और 2025-26 में अब तक 10 शिविर आयोजित किए जा चुके हैं। राष्ट्रीय स्तर पर, 2022-23 से 2025-26 तक कुल 1,892 वित्तीय जागरूकता शिविर आयोजित किए गए, जिससे लाखों महिलाओं तक वित्तीय साक्षरता और सुरक्षित डिजिटल लेनदेन की जानकारी पहुंची।
सांसद राठौड़ ने बताया कि IEPFA और इंडिया पोस्ट पेमेंट्स बैंक (IPPB) के बीच साझेदारी के तहत 4 हजार शिविर आयोजित करने और 40 हजार महिला डाक कर्मचारियों को सामुदायिक वित्तीय प्रशिक्षक के रूप में प्रशिक्षित करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। उन्होंने केंद्र सरकार से इस पहल को और अधिक सशक्त बनाने और देश के दूरस्थ क्षेत्रों तक पहुंचाने का आग्रह किया।





















































