जीनियस कान्वेंट स्कूल के 50 बच्चों की तबीयत बिगड़ी, फूड पॉइजनिंग की आशंका

0
16
- Advertisement -

लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क

मनजीत सिंह, ब्यूरो चीफ श्रीगंगानगर

श्रीगंगानगर। जिले के जैतसर स्थित जीनियस कान्वेंट स्कूल के करीब 50 विद्यार्थियों की पिकनिक के दौरान अचानक तबीयत बिगड़ने से हड़कंप मच गया। सभी बच्चों को जिला अस्पताल श्रीगंगानगर में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। प्रारंभिक तौर पर मामला फूड पॉइजनिंग का माना जा रहा है।

पिकनिक के दौरान बिगड़ी तबीयत

जानकारी के अनुसार स्कूल के विद्यार्थी पिकनिक मनाने के लिए श्रीगंगानगर आए थे। बच्चों ने यहां वाटर पार्क और अंध विद्यालय का भ्रमण किया। इसके बाद भोजन करने के कुछ समय बाद कई बच्चों को उल्टी, दस्त और पेट दर्द की शिकायत होने लगी। देखते ही देखते अन्य बच्चों की तबीयत भी बिगड़ने लगी।

जिला अस्पताल में मचा हड़कंप

शिक्षकों द्वारा सभी बच्चों को तुरंत जिला अस्पताल पहुंचाया गया। सूचना मिलते ही पीएमओ डॉ. सुखपाल बराड़ सहित चिकित्सकों की टीम अस्पताल पहुंची और बच्चों का उपचार शुरू किया। डॉक्टरों के अनुसार सभी बच्चों की हालत फिलहाल स्थिर है, लेकिन उन्हें निगरानी में रखा गया है।

भोजन के सैंपल जांच के लिए भेजे

स्वास्थ्य विभाग की टीम ने बच्चों द्वारा खाए गए भोजन और अन्य खाद्य सामग्री के सैंपल लेना शुरू कर दिया है। शुरुआती जांच में फूड पॉइजनिंग की आशंका जताई जा रही है।

स्कूल प्रशासन के अनुसार बच्चे घर से लंच बॉक्स लेकर आए थे, लेकिन कुछ खाद्य सामग्री बाहर से ली गई थी। फिलहाल पुलिस, स्वास्थ्य विभाग और प्रशासन पूरे मामले की जांच में जुटे हुए हैं।

घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में अभिभावक जिला अस्पताल पहुंच गए, जिससे अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

- Advertisement -

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here