लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
जयपुर। डॉ. मेधावी न्यूट्रिफिट और गौतम हॉस्पिटल के संयुक्त तत्वाधान में मोटापा, मधुमेह और डिप्रेशन (अवसाद) मुक्त समाज बनाने के लिए जागरूकता अभियान आयोजित किया गया। कार्यक्रम गौतम हॉस्पिटल के सभागार में सेमिनार और सिविल लाइंस में जागरूकता रैली के रूप में संपन्न हुआ, जिसमें एमिटी और अपेक्स विश्वविद्यालय के लगभग 150 छात्र-छात्राओं के अलावा जयपुर के गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
कार्यक्रम की संयोजिका डॉ. मेधावी गौतम ने मोटापा और डायबिटीज को पोषण के माध्यम से रोकने के उपायों पर प्रकाश डाला। ज्योतिर्विद एवं आध्यात्मिक गुरु डॉ. निर्मला सेवानी ने प्रतिभागियों को गाइडेड ध्यान और सप्त चक्रों पर ध्यान के माध्यम से स्वास्थ्य लाभ के महत्व के बारे में जानकारी दी।
मुख्य अतिथि युवा एवं खेल सचिव नीरज के. पवन ने फिट इंडिया के लिए युवाओं को प्रेरित किया और नियमित दौड़, व्यायाम व खेलकूद के माध्यम से मोटापा और डायबिटीज जैसी वैश्विक समस्याओं से निपटने के महत्व पर जोर दिया।
कार्यक्रम में डॉ. शिव गौतम ने गौतम हॉस्पिटल की सामाजिक सरोकार योजनाओं के बारे में जानकारी दी। मुख्य अतिथि ने हरी झंडी दिखाकर जागरूकता रैली को रवाना किया, जो शहर में स्वास्थ्य जागरूकता फैलाने का संदेश लेकर निकली।

















































