लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
जयपुर : राज्य सरकार की दूसरी वर्षगांठ के अवसर पर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने सोमवार को जवाहर कला केंद्र में आयोजित राज्य स्तरीय प्रदर्शनी का उद्घाटन किया। “नव उत्थान–नई पहचान, बढ़ता राजस्थान–हमारा राजस्थान” थीम पर आधारित इस प्रदर्शनी में विभिन्न विभागों की जनकल्याणकारी योजनाओं, नवाचारों और विकास कार्यों को प्रदर्शित किया गया है।
मुख्यमंत्री ने सूचना एवं जनसंपर्क विभाग (डीआईपीआर) की स्टॉल पर डिजिटल सेल्फी ली और एआई आधारित इंटरएक्टिव प्रश्नोत्तरी में भाग लिया। उन्होंने गृह विभाग की स्टॉल पर राजकॉप ऐप के माध्यम से शिकायतों के त्वरित निस्तारण व्यवस्था की सराहना की।
ऊर्जा विभाग की स्टॉल पर ग्रिड डिजिटलाइजेशन की जानकारी लेते हुए मुख्यमंत्री ने पीएम कुसुम और पीएम सूर्य घर योजनाओं के अधिकतम लाभ आमजन तक पहुंचाने के निर्देश दिए। स्वायत्त शासन विभाग की स्टॉल पर उन्होंने मैनहॉल सफाई के लिए रोबोटिक मशीन की कार्यप्रणाली देखी।
नगरीय विकास एवं आवासन विभाग की स्टॉल पर मुख्यमंत्री ने राजस्थान हाउसिंग बोर्ड की हनुमानगढ़ और भिवाड़ी में नई आवासीय योजनाओं का शुभारंभ किया। साथ ही, जगतपुरा सेंट्रल स्पाइन योजना ब्लॉक-जी के तहत काश्तकारों को पट्टे वितरित किए और जेडीए की डिजिटल मार्गदर्शिका का विमोचन किया।
मुख्यमंत्री ने प्रदर्शनी में राज्य सरकार के दो वर्षों की उपलब्धियों, योजनाओं और विकास मॉडलों का अवलोकन करते हुए अधिकारियों को आमजन में योजनाओं के प्रति जागरूकता बढ़ाने के निर्देश दिए, ताकि विकसित राजस्थान–2047 के लक्ष्य को तेजी से हासिल किया जा सके।
इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी, डॉ. प्रेमचंद बैरवा, संसदीय कार्य मंत्री जोगाराम पटेल, सामाजिक न्याय मंत्री अविनाश गहलोत, नगरीय विकास राज्य मंत्री झाबर सिंह खर्रा, मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास, पुलिस महानिदेशक राजीव कुमार शर्मा सहित अनेक जनप्रतिनिधि व अधिकारी उपस्थित रहे।
उल्लेखनीय है कि यह राज्य स्तरीय प्रदर्शनी 18 दिसंबर तक आयोजित होगी, जिसे आमजन प्रातः 11 बजे से शाम 8 बजे तक देख सकेंगे।


















































