लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
जोधपुर (रिपोर्टर: बृजकिशोर पारेख): जोधपुर के भदवासिया मंडी में रविवार दोपहर एक व्यापारी तिलोक चंद (55) पर लोहे के पाइप और लात-घूसों से जानलेवा हमला किया गया। घटना तब हुई जब व्यापारी मंडी में काम कर रहे थे। हमलावर पीछे से आए और व्यापारी को दौड़ा-दौड़ाकर हमला किया।
हमले में तिलोक चंद के सिर में गंभीर चोट आई और दोनों पैर टूट गए। घायल व्यापारी ने भागकर जान बचाने की कोशिश की। आसपास के लोगों के जुटने के बाद ही हमलावर मौके से फरार हो गए। घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है।
घायल तिलोक चंद के भाई ताराचंद की ओर से महामंदिर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई गई। रिपोर्ट में आरोप लगाया गया कि आरोपियों ने जान से मारने की नीयत से हमला किया। तिलोक चंद मंडी में सब्जी का व्यापार करते हैं।
घटना के बाद सोमवार को गुस्साए व्यापारियों ने भदवासिया मंडी का गेट बंद कर प्रदर्शन किया और आरोपियों को गिरफ्तार करने की मांग की। महामंदिर थाना अधिकारी देवेंद्र सिंह देवड़ा ने बताया कि हमलावर भी उसी मंडी के व्यापारी हैं और सभी आरोपी फिलहाल फरार हैं।
पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है और मामले की जांच जारी है।











































