लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
नावा (रिपोर्टर: मनीष पारीक)।
नावा शहर के पास स्थित ग्राम पंचायत बरजन के ग्राम बाजना, मीणो की ढाणी में पिछले छह महीनों से पेयजल संकट जारी है। जल जीवन मिशन के तहत घर-घर जल कनेक्शन तो दिए गए हैं, लेकिन उनमें पानी नहीं आने के कारण ये कनेक्शन नाम मात्र साबित हो रहे हैं।
ग्रामीणों के अनुसार, मीणो की ढाणी में पानी पुनिया की ढाणी से आने वाली पाइपलाइन के माध्यम से आता है। लेकिन कुछ लोगों द्वारा अवैध विद्युत मोटरें लगाकर पानी खींच लेने के कारण मीणो की ढाणी तक जल नहीं पहुंच पा रहा है। परिणामस्वरूप ढाणी के निवासी लंबे समय से पानी की कमी से जूझ रहे हैं।
पानी नहीं मिलने के कारण ग्रामीणों को मजबूरी में टैंकरों से पानी मंगवाना पड़ रहा है, जिसके लिए प्रत्येक टैंकर पर लगभग 500 रुपये खर्च करने पड़ रहे हैं। इससे ग्रामीणों पर आर्थिक बोझ बढ़ गया है और दैनिक जीवन प्रभावित हो रहा है।
ग्रामीणों ने इस समस्या के शीघ्र समाधान के लिए उपखंड अधिकारी (एसडीएम) दिव्या सोनी को ज्ञापन सौंपा है। उन्होंने प्रशासन से अपील की है कि अवैध मोटरों पर रोक लगाकर समुचित एवं नियमित पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित की जाए।















































