लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
राज्य सरकार की दूसरी वर्षगांठ पर स्थाई एवं अस्थायी आश्रय स्थलों का विस्तार
जयपुर ।राजस्थान में शीतलहर और सर्दी आम जनजीवन को प्रभावित कर रही है। कई शहरों में तापमान 10 डिग्री से नीचे पहुंच गया है। ऐसे मौसम में सबसे ज्यादा मुश्किलें उन लोगों को होती हैं, जिनके पास सर छुपाने को छत नहीं होती।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में राज्य सरकार बेघरों को सम्मानजनक आश्रय देने के लिए प्रतिबद्ध है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन में राज्य सरकार ने दीनदयाल अंत्योदय योजना और राष्ट्रीय शहरी आजीविका मिशन के तहत स्थायी आश्रय स्थल तैयार किए हैं।
राज्य के 138 नगरीय निकायों में लगभग 12,000 व्यक्तियों की क्षमता वाले 238 स्थायी आश्रय स्थल संचालित किए जा रहे हैं। इन स्थलों में स्वच्छ पानी, बिजली, शौचालय, रसोई और गीजर जैसी सभी मूलभूत सुविधाएँ उपलब्ध कराई गई हैं। इसके साथ ही 109 नगरीय निकायों में आवश्यकतानुसार 139 अस्थायी आश्रय स्थल संचालित हैं, जिनकी क्षमता लगभग 9,435 व्यक्तियों की है।
मुख्यमंत्री ने वर्ष 2024 की शुरुआत में भी रैन बसेरों में रह रहे लोगों से मिलकर उनकी कुशलक्षेम पूछी और सड़कों पर रहने वाले निराश्रित लोगों को कंबल वितरित किए थे।
राज्य सरकार की यह पहल नागरिकों के बहुआयामी उत्थान और सर्वांगीण विकास की दिशा में मुख्यमंत्री के नेतृत्व वाली कल्याणकारी योजनाओं का हिस्सा है, जो “नर सेवा, नारायण सेवा” के आदर्श को चरितार्थ कर रही हैं।


















































