लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
राजसमंद | गौतम शर्मा
राजसमंद |दुर्घटनाओं में कमी लाने के उद्देश्य से राजसमंद के कुंवारिया थाना पुलिस ने शनिवार को रूपाखेड़ा टोल नाके पर विशेष यातायात जागरूकता अभियान चलाया। अभियान का नेतृत्व कुंवारिया सीआई रामचंद्र कुमावत ने किया। यह अभियान जिला पुलिस अधीक्षक ममता गुप्ता के निर्देशानुसार आयोजित किया गया।
अभियान के दौरान दुपहिया और चारपहिया वाहनों के पीछे रिफ्लेक्टर लगाए गए, ताकि रात के समय पीछे से आने वाले वाहन चालकों को सामने चल रहे वाहन की जानकारी रहे और दुर्घटनाओं से बचाव हो सके। वाहन चालकों को यातायात नियमों, शराब पीकर वाहन न चलाने, ड्राइविंग के दौरान मोबाइल न उपयोग करने, सीट बेल्ट पहनने और सड़क संकेतों का पालन करने की सख्त हिदायत दी गई।
साथ ही अभियान में वाहन चालकों की आंखों की जांच भी कराई गई। आर अस्पताल, राजसमंद के नेत्र सहायक डॉक्टर नीरज चौधरी ने जांच में दो चालकों भेरूलाल और चुन्नीलाल की आंखों की रोशनी कम पाई, जिन्हें वाहन चलाने के लिए अनफिट बताया और आगे जांच व उपचार कराने के निर्देश दिए गए।
अभियान में हेड कांस्टेबल यशपाल सिंह, कांस्टेबल रोशन लाल रेगर, मुकेश कुमार सहित अन्य पुलिस कर्मी शामिल रहे। रूपाखेड़ा टोल मैनेजर राकेश कुमार दायमा, हाईवे टोल मैनेजर पांचूराम कुमावत और टोल स्टाफ ने भी सहयोग किया। पुलिस ने आमजन से सुरक्षित यातायात नियमों का पालन कर सड़क दुर्घटनाओं को रोकने में सहयोग करने की अपील की।
















































