लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
रियाँबड़ी (नागौर)। ग्राम लाडपुरा में वर्षों से गोचर भूमि पर हो रहे अवैध अतिक्रमण के खिलाफ आखिरकार प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की। ग्रामीणों की लगातार शिकायतों और सामूहिक ज्ञापन के बाद शुक्रवार को प्रशासन ने जेसीबी की मदद से करीब 100 बीघा गोचर भूमि को अतिक्रमण मुक्त करवाया।
ग्रामीणों का कहना था कि लंबे समय से बढ़ते कब्जों के कारण मवेशियों के लिए चराई की भारी समस्या उत्पन्न हो रही थी। बार-बार शिकायतों के बावजूद कार्रवाई न होने से ग्रामीणों में आक्रोश बढ़ रहा था।
सामाजिक कार्यकर्ता दिनेश चौधरी ने बताया कि ग्रामीण कई महीनों से गोचर बचाओ आंदोलन चला रहे थे। सामूहिक दबाव के बाद प्रशासन हरकत में आया।
नायब तहसीलदार रामचंद्र ने जानकारी दी कि 100 बीघा से कब्जे हटाए जा चुके हैं। जहाँ खेतों में फसल खड़ी है, वहाँ किसान स्वयं कटाई के बाद कब्जा हटाएंगे।
कार्रवाई के दौरान नायब तहसीलदार भेरूंदा रामचंद्र, पटवारी शंकरलाल, सरपंच जगाराम रावत, आरआई चेनाराम, ग्राम सेवक सुमन, अजय रावत, दिनेश चौधरी सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।











































