लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
प्रदेश के विकास में महत्वपूर्ण साझेदार बन रहे प्रवासी राजस्थानी: मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा
जयपुर । मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि राजस्थान पर्यटन, सूचना प्रौद्योगिकी, नवीकरणीय ऊर्जा, कृषि और चिकित्सा जैसे अनेक क्षेत्रों में तेज़ी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि राज्य की भौगोलिक विविधता और समृद्ध सांस्कृतिक विरासत विकास यात्रा को सशक्त बनाती है और प्रवासी राजस्थानी इस प्रगति में महत्वपूर्ण भागीदार बने हुए हैं।
मुख्यमंत्री गुरुवार को मुख्यमंत्री कार्यालय में सूरत, लंदन, दुबई, सिंगापुर, कंपाला, टोक्यो, दोहा, म्यूनिख, न्यूयॉर्क, भुवनेश्वर, नैरोबी, कोलकाता और दिल्ली चैप्टर्स के सदस्यों से संवाद कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने प्रतिनिधियों के साथ विभिन्न निवेश प्रस्तावों पर विस्तृत चर्चा की और अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी निवेशकों को सिंगल विंडो क्लीयरेंस सिस्टम के माध्यम से हर संभव सुविधा उपलब्ध कराई जाए।
प्रवासी राजस्थानियों के हित में सरकार की पहल
मुख्यमंत्री शर्मा ने कहा कि प्रवासी राजस्थानियों को अपनी जड़ों से जोड़े रखने के लिए सरकार लगातार प्रयासरत है। इसी उद्देश्य से प्रथम प्रवासी राजस्थानी दिवस का ऐतिहासिक आयोजन किया गया।
उन्होंने बताया कि प्रवासियों के हितों के संरक्षण के लिए ‘राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय प्रवासी राजस्थानी मामलात विभाग’ का गठन किया गया है और प्रवासी राजस्थानी नीति भी जारी की गई है। इसके अलावा, राजस्थान फाउंडेशन के माध्यम से प्रवासी राजस्थानियों के साथ संबंध मजबूत किए जा रहे हैं। सरकार द्वारा फाउंडेशन के 14 नए चैप्टर्स गठित किए जाने के बाद कुल चैप्टर्स की संख्या बढ़कर 40 हो गई है।
उन्होंने कहा कि सरकार ने ईज ऑफ डूइंग बिजनेस को प्राथमिकता दी है। ‘राजनिवेश’ पोर्टल निवेशकों के लिए एक सशक्त माध्यम बना है, जिसके जरिए ई-रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया कुछ मिनटों में पूरी की जा सकती है।
“हम निवेश बढ़ाने के लिए उत्सुक हैं” – प्रवासी राजस्थानी
विभिन्न देशों और राज्यों से आए चैप्टर्स के सदस्यों ने मुख्यमंत्री को प्रथम प्रवासी राजस्थानी दिवस के सफल आयोजन के लिए बधाई दी। उनका कहना था कि इस आयोजन ने दुनियाभर में बसे प्रवासी राजस्थानियों को एक साझा मंच प्रदान किया है।
प्रतिनिधियों ने कहा कि वे प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में निवेश कर रहे हैं और भविष्य में इस निवेश को और बढ़ाने के लिए तैयार हैं, ताकि राजस्थान के विकास में अधिक सक्रिय भूमिका निभा सकें।
संवाद के दौरान प्रवासी राजस्थानियों ने जिन क्षेत्रों में निवेश की इच्छा जताई, उनमें शामिल हैं—
हॉस्पिटैलिटी एवं पर्यटन, वेलनेस, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, डिजिटल लिटरेसी, आईटी, महिला सुरक्षा हेतु सेल्फ डिफेंस ट्रेनिंग, फिल्म शूटिंग, फॉरेन लैंग्वेज, स्किल डेवलपमेंट, ड्रोन मैन्युफैक्चरिंग, मेडिसिन एवं हेल्थ इक्विपमेंट, मल्टी स्पेशियलिटी हॉस्पिटल आदि।
अधिकारियों ने निवेश से जुड़ी सभी प्रक्रियाओं की विस्तृत जानकारी निवेशकों को प्रदान की।
अवसर पर सभी चैप्टर्स के प्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री का अभिनंदन किया। इस दौरान मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे। संवाद में कुल 13 एनआरआर चैप्टर्स के सदस्य शामिल हुए, जबकि जाम्बिया, घाना और न्यूजीलैंड के प्रवासी राजस्थानियों ने भी हिस्सा लिया।
















































