लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
उनियारा (सत्यप्रकाश मयंक)।
शहर में मोक्षदा एकादशी पर विभिन्न मंदिरों में दिनभर धार्मिक उत्साह बना रहा। चारभुजानाथ, राम–रघुनाथ, छप्पनजी महाराज, प्याल के बालाजी और सत्यनारायण मंदिरों में सुबह से ही दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी।
राम–रघुनाथ मंदिर के रमेश जांगिड़ ने बताया कि महिलाओं ने मंदिर की सीढ़ियां धोकर दीपक जलाए, पुष्प चढ़ाए और भगवान की विशेष पूजा के बाद 108 परिक्रमा लगाई। पंडितजी ने मोक्षदा एकादशी की कथा का श्रवण करवाया और बताया कि इस व्रत से पितरों को मोक्ष प्राप्त होता है तथा वर्षों के तप के बराबर पुण्य मिलता है।
महिलाओं ने पूरे दिन उपवास रखकर शाम को फलाहार किया और विश्व शांति व परिवार कल्याण की कामना की। श्रद्धालुओं ने बावड़ी चौक में गायों को हरा चारा खिलाया एवं गौशाला हेतु चारा दान भी किया। राम–रघुनाथ में महिला मंडल तथा चारभुजानाथ में सत्संग समिति द्वारा भजन–कीर्तन आयोजित किए गए।
अवसर पर भगवान रघुनाथजी की भव्य झांकी सजाई गई, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए।


















































