लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
उपभोक्ता कल्याण समिति राजस्थान ने मनाया संविधान दिवस, न्यायिक अधिकारियों से की सारगर्भित चर्चा
भीलवाड़ा। (पंकज पोरवाल) उपभोक्ता कल्याण समिति राजस्थान द्वारा 26 नवंबर को संविधान दिवस पर न्यायालय परिसर, भीलवाड़ा में एक संक्षिप्त किंतु गरिमामय कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान समिति सदस्यों ने न्यायिक अधिकारियों से मुलाकात कर संविधान की महत्ता पर चर्चा की।
कार्यक्रम में जिला एवं सत्र न्यायाधीश तथा अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण माननीय अभय जैन को संविधान की प्रस्तावना का मोमेंटो भेंट कर सम्मानित किया गया। इसी क्रम में अपर जिला न्यायाधीश एवं सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण विशाल भार्गव, तथा मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट माननीय नगेंद्र सिंह को भी समिति ने प्रतीक चिन्ह देकर अभिनंदन किया।
कार्यक्रम का नेतृत्व समिति के संरक्षक राजेंद्र कचोलिया एडवोकेट ने किया। इस अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष अशोक जैन एडवोकेट, प्रदेश महामंत्री जितेंद्र मारू एडवोकेट, प्रदेश समन्वयक नवरतमल जैन एडवोकेट, सहित कई वरिष्ठ अधिवक्ता एवं समिति सदस्य उपस्थित रहे।
“संविधान भारत की आत्मा है” — अभय जैन
चर्चा के दौरान माननीय अभय जैन ने कहा—
“भारतीय संविधान केवल एक दस्तावेज नहीं, यह पूरे भारत की आत्मा है। देश की प्रत्येक व्यवस्था संविधान से संचालित होती है। हर नागरिक का दायित्व है कि वह संविधान की भावना को समझे और जागरूकता बढ़ाए।”
उन्होंने समिति के सदस्यों से लोक अदालतों से अधिक से अधिक लोगों को जोड़ने का आह्वान किया, ताकि सामान्य नागरिक तेजी से विवादों का समाधान पा सकें।
विधिक सेवा प्राधिकरण का आह्वान
सचिव विशाल भार्गव ने कहा कि जन उपयोगी समस्याओं के समाधान के लिए लोग विधिक सेवा प्राधिकरण से लाभ उठाएं तथा 90 दिवसीय जागरूकता अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाएं।
प्रदेश अध्यक्ष अशोक जैन ने समिति की गतिविधियों की जानकारी देते हुए अभियान को व्यापक रूप से सफल बनाने की बात कही।
प्रदेश महामंत्री जितेंद्र मारू और जिला अभिभाषक संस्था अध्यक्ष राजेश शर्मा ने भी संविधान के प्रति जागरूकता बढ़ाने पर बल दिया।
संरक्षक राजेंद्र कचोलिया ने कहा कि संविधान ने ही देश में “कानून का राज” स्थापित किया है और हर नागरिक का कर्तव्य है कि वह नियमों का पालन करे।
कार्यक्रम प्रेरणादायी और सफल रहा तथा संविधान दिवस को समर्पित यह चर्चा सभी के लिए महत्वपूर्ण संदेश छोड़ गई।
















































