लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
जयपुर स्थित गुप्त वृन्दावन धाम में पूरे विश्व को श्रील प्रभुपाद के वैदिक साहित्य से जोड़ने के उद्देश्य से वैश्विक अभियान ‘श्रील प्रभुपाद बुक मैराथन 2025’ का भव्य शुभारम्भ किया गया। यह अभियान 23 नवम्बर से आरंभ हुआ, जिसके अंतर्गत मंदिर के भक्त पूरे विश्व में श्रीमद्भगवद गीता, श्रीमद्भागवतम तथा अन्य वैदिक ग्रंथों का वितरण करेंगे।
श्रील प्रभुपाद बुक मैराथन का यह विशेष आयोजन दो माह तक चलेगा। इसकी प्रेरणा गीता जयंती से ली गई है, जो इस वर्ष 1 दिसम्बर को मनाई जाएगी। इसी दिन गुप्त वृन्दावन धाम में अंतरराष्ट्रीय गीता ओलिंपियाड का भी शुभारम्भ किया जाएगा। मान्यता है कि गीता जयंती के पावन अवसर पर भगवान श्रीकृष्ण ने कुरुक्षेत्र में अर्जुन को गीता का उपदेश दिया था।
बुक मैराथन का उद्देश्य विश्वभर के लोगों तक गीता व अन्य वैदिक साहित्य पहुँचाकर उन्हें आध्यात्मिक मार्ग से जोड़ना है, ताकि अधिक से अधिक लोग भगवान कृष्ण के उपदेशों को अपने जीवन में अपनाकर जीवन को सार्थक बना सकें।
अभियान के अंतर्गत पुस्तक वितरण में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले भक्तों को पुरस्कार, सम्मान–पत्र आदि से सम्मानित किया जाएगा। बुक मैराथन 2025 के परिणाम 15 फरवरी 2026 को घोषित किए जाएंगे।
विश्व गुरु श्रील प्रभुपाद कहा करते थे—
“एक पुस्तक किसी का संपूर्ण जीवन बदल सकती है। जिसने मेरी एक भी किताब वितरित की, उसने मेरे हृदय को प्रसन्न कर दिया।”
यह अभियान उसी प्रेरणा को साकार रूप देने का वैश्विक प्रयास है।
















































