लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
प्रदेशव्यापी विरोध में भीलवाड़ा से भी उठी आवाज, आंदोलन तेज करने पर मंथन
महात्मा गांधी अस्पताल में अखिल राजस्थान राज्य संयुक्त कर्मचारी महासंघ (एकीकृत) की बैठक आयोजित
भीलवाड़ा। (पंकज पोरवाल)
अखिल राजस्थान राज्य संयुक्त कर्मचारी महासंघ (एकीकृत) के प्रदेशव्यापी विरोध अभियान को भीलवाड़ा से भी मजबूती मिल रही है। जिले की इकाई ने बीएलओ व शिक्षक मुकेश जांगिड़ की आत्महत्या मामले में दोषी अधिकारियों पर तुरंत कार्रवाई की मांग की है।
जिलाध्यक्ष लक्की ब्यावट ने बताया कि प्रदेश अध्यक्ष गजेंद्र सिंह राठौड़ के निर्देश पर महात्मा गांधी अस्पताल में बैठक आयोजित की गई, जिसमें जयपुर में होने वाले बड़े प्रदर्शन की तैयारियों और आगे की रणनीति पर विस्तृत चर्चा हुई। उन्होंने कहा कि बीएलओ को आत्महत्या के लिए मजबूर किया जाना मानवाधिकारों का गंभीर उल्लंघन है।
महासंघ इसे मानवाधिकार आयोग में शिकायत के रूप में दर्ज करवाएगा। ब्यावट ने आरोप लगाया कि कई बीएलओ—खासकर महिला कर्मचारियों—से नियमों के विरुद्ध कार्य करवाया जा रहा है और 12 घंटे तक ड्यूटी ली जा रही है, जो पूरी तरह अमानवीय है।
महासंघ ने चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो एक बड़ा विरोध आंदोलन शुरू किया जाएगा। कर्मचारियों से अपील की गई है कि वे 21 तारीख को सुबह 11 बजे मुखर्जी उद्यान में होने वाली अगली बैठक में अनिवार्य रूप से शामिल हों और मृतक बीएलओ मुकेश जांगिड़ को न्याय दिलाने में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें।
बैठक में संगठन के कई पदाधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

















































