लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
गौतम शर्मा
राजसमंद।
जंगली जानवरों और जलभराव से फसल नुकसान पर भी मिलेगा बीमा – किसानों की बड़ी जीत
सांसद महिमा कुमारी मेवाड़ के प्रयासों से केंद्र सरकार का ऐतिहासिक निर्णय
राजसमंद।
देशभर के किसानों के लिए केंद्र सरकार ने एक बड़ा ऐतिहासिक कदम उठाते हुए प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना (PMFBY) का दायरा बढ़ा दिया है। अब जंगली जानवरों द्वारा फसल नुकसान और अत्यधिक जलभराव से होने वाला नुकसान भी बीमा कवरेज में शामिल कर लिया गया है। यह व्यवस्था खरीफ 2026 से लागू होगी।
इस महत्वपूर्ण निर्णय में राजसमंद सांसद महिमा कुमारी मेवाड़ की सक्रिय भूमिका रही है। जिले में किसानों को जंगली सूअर और अन्य जंगली जानवरों से होने वाले लगातार नुकसान को देखते हुए सांसद मेवाड़ ने सितंबर 2025 में केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान को विस्तृत पत्र लिखकर इसे फसल बीमा के दायरे में शामिल करने का आग्रह किया था।
अपने पत्र में सांसद ने लिखा था कि —
“राजसमंद सहित देशभर के किसानों को जंगली जानवरों, विशेषकर जंगली सूअर, से भारी नुकसान होता है और यह नुकसान फसल बीमा के दायरे में नहीं आने के कारण किसानों को किसी प्रकार की सहायता नहीं मिल पाती। किसानों की आजीविका और कृषि क्षेत्र की स्थिरता के लिए इस नुकसान को बीमा कवरेज में शामिल किया जाना अत्यंत आवश्यक है।”
केंद्र सरकार ने इस प्रस्ताव को गंभीरता से लेते हुए इसे ‘स्थानीयकृत जोखिम’ श्रेणी के पाँचवें ऐड-ऑन कवर के रूप में शामिल कर दिया है। नई व्यवस्था के अनुसार—
-
यदि किसी बीमित किसान की फसल को जंगली जानवर नुकसान पहुँचाते हैं, तो किसान 72 घंटे के भीतर फसल बीमा ऐप पर जियो-टैग्ड फोटो के साथ क्लेम दर्ज कर सकेगा।
-
राज्य सरकारें ऐसे प्रभावित क्षेत्रों की पहचान करेंगी और नुकसान करने वाले जानवरों की सूची भी जारी करेंगी।
सांसद महिमा कुमारी मेवाड़ की प्रतिक्रिया
सांसद ने कहा—
“यह हर उस किसान के लिए बड़ी राहत है जिसने वर्षों तक जंगली जानवरों से फसल नुकसान सहा लेकिन बीमा सहायता नहीं मिली। मैं लगातार राजसमंद के किसानों की समस्याओं को संसद और मंत्रालय तक पहुँचाती रही हूँ। केंद्र सरकार का यह निर्णय लाखों किसानों के लिए सुरक्षा कवच साबित होगा।”
यह निर्णय न केवल किसानों के लिए आर्थिक सुरक्षा बढ़ाएगा बल्कि कृषि क्षेत्र को स्थिरता और मजबूती भी प्रदान करेगा।




















































