लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
भीलवाड़ा। (पंकज पोरवाल)
स्वास्थ्य विभाग के सभागार कक्ष में कर्मचारी राज्य बीमा निगम (ESI) क्षेत्रीय परिषद राजस्थान की बैठक स्वास्थ्य मंत्री गजेंद्र सिंह खींवसर की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई। बैठक की शुरुआत श्रमिक प्रतिनिधि व राजस्थान इंटक अध्यक्ष जगदीश राज श्रीमाली द्वारा दो वर्षों तक रीजनल बोर्ड की बैठक नहीं होने और भेजे गए एजेंडा को शामिल न करने पर विरोध जताने से हुई।
इस पर लेबर सेक्रेटरी संजय वर्मा ने संवाद की कमी स्वीकार करते हुए आश्वासन दिया कि अगली बैठक से पहले 10 दिनों के भीतर श्रमिक प्रतिनिधियों की मौजूदगी में सभी विषयों पर विस्तृत चर्चा की जाएगी, ताकि आगामी बैठक बेहतर तरीके से आयोजित की जा सके।
भीलवाड़ा जिला इंटक अध्यक्ष दीपक व्यास ने रायला और सरेरी औद्योगिक क्षेत्र में कार्यरत हजारों श्रमिकों के लिए डिस्पेंसरी सुविधा जल्द शुरू करने की मांग रखी। पूर्व मंत्री जगदीश राज श्रीमाली ने भी इस मांग को एजेंडा में शामिल करने और शीघ्र डिस्पेंसरी खोलने का प्रस्ताव रखा।
स्वास्थ्य मंत्री खींवसर ने इस सुझाव को सकारात्मक रूप से स्वीकार करते हुए आश्वासन दिया कि श्रमिकों की समस्याओं पर गंभीरता से चर्चा कर जल्द समाधान किया जाएगा।















































