लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
बालेसर में भीषण सड़क हादसा
जोधपुर/बालेसर। नेशनल हाईवे–125 पर खारी बेरी गांव के पास मंगलवार सुबह हुए भीषण सड़क हादसे में मौतों का आंकड़ा बढ़ता जा रहा है। MDM अस्पताल में इलाज के दौरान दो और गंभीर घायलों ने दम तोड़ दिया, जिससे कुल मृतकों की संख्या बढ़कर 7 हो गई है। हादसे में 12 लोग अभी भी घायल बताए जा रहे हैं।
सुबह साढ़े 5 बजे हुआ भीषण टक्कर
घटना सुबह लगभग 5:30 बजे हुई, जब बाजरे की बोरियों से भरे एक ट्रेलर ने मोड़ पर सामने से आ रहे टैम्पो को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि टैम्पो में सवार कई लोग मौके पर ही घायल होकर सड़क पर बिखर गए।

रामदेवरा दर्शन को जा रहे थे श्रद्धालु
टैम्पो में गुजरात से रामदेवरा बाबा के दर्शन के लिए जा रहे 20 श्रद्धालु सवार थे। अचानक हुए हादसे ने यात्रा को मातम में बदल दिया।
घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया
हादसे के बाद स्थानीय लोगों और पुलिस ने राहत कार्य शुरू किया।
-
सभी घायलों को एंबुलेंस और निजी वाहनों से बालेसर CHC लाया गया।
-
प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर सभी को जोधपुर MDM अस्पताल रैफर किया गया।
उधर अस्पताल प्रशासन के अनुसार कुछ घायलों की स्थिति अभी भी नाज़ुक बनी हुई है।

पुलिस जांच जारी
पुलिस ने बताया कि हादसा ट्रेलर चालक की लापरवाही और तेज रफ्तार के कारण हुआ प्रतीत होता है। वाहन जब्त कर लिया गया है और पूरे मामले की जांच जारी है।


















































