लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती पर निकला सरदार@150 यूनिटी मार्च
अजमेर से नितिन मेहरा
अजमेर/पुष्कर। लौहपुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के अवसर पर माय भारत, युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा आयोजित ‘सरदार@150 यूनिटी मार्च’ आज पुष्कर की सड़कों पर राष्ट्रीय एकता और देशभक्ति का संदेश देता हुआ निकला। मार्च का शुभारंभ गायत्री शक्तिपीठ गर्ल्स कॉलेज, पुष्कर से किया गया।
यह जानकारी माय भारत के जिला युवा अधिकारी जयेश मीना ने साझा की।
केंद्रीय मंत्री ने दिखाई हरी झंडी
मार्च की शुरुआत में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित थे—
-
भागीरथ चौधरी, केंद्रीय राज्य मंत्री, कृषि एवं किसान कल्याण मंत्रालय, भारत सरकार एवं सांसद, अजमेर
-
विशिष्ट अतिथि: सुरेश सिंह रावत, कैबिनेट मंत्री, जल संसाधन विभाग, राजस्थान एवं विधायक, पुष्कर
-
विशिष्ट अतिथि: जीतमल प्रजापत, जिलाध्यक्ष, भाजपा अजमेर देहात
साथ ही कई जनप्रतिनिधि, स्थानीय नेता और सामाजिक कार्यकर्ता भी कार्यक्रम में शामिल हुए।
केंद्रीय मंत्री भागीरथ चौधरी ने यूनिटी मार्च को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
पुष्कर की सड़कों पर उमड़ा देशभक्ति का सैलाब
यूनिटी मार्च सरदार पटेल की आदमकद प्रतिमा रथ, DJ साउंड और देशभक्ति गीतों के साथ गर्ल्स कॉलेज से गुरुद्वारा, वराहघाट, ब्रह्मा चौक, ब्रह्मा मंदिर, मेला ग्राउंड होते हुए अम्बेडकर चौक पहुँचा, जहाँ मार्च का समापन हुआ।
युवा प्रतिभागी हाथों में तिरंगा लेकर “भारत माता की जय”, “वंदे मातरम्” और स्वतंत्रता सेनानियों के जयकारे लगाते आगे बढ़े। पूरे पुष्कर शहर में राष्ट्रभक्ति की अनूठी छटा देखने को मिली। मार्ग में स्थानीय लोगों ने पुष्प वर्षा कर प्रतिभागियों का स्वागत किया।
कार्यक्रम में नेताओं ने रखे विचार
केंद्रीय मंत्री भागीरथ चौधरी
उन्होंने कहा कि “सरदार पटेल के दृढ़ संकल्प और नेतृत्व की वजह से देश की 565 रियासतों का सफल एकीकरण संभव हुआ। यह कार्यक्रम सिर्फ आयोजन नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण का अभियान है। युवाओं में राष्ट्रीय गौरव जगाने और देश के प्रति दायित्व निभाने का यह महत्वपूर्ण अवसर है।”
कैबिनेट मंत्री सुरेश सिंह रावत
“पटेल जी का अदम्य साहस और दूरदृष्टि स्वतंत्र भारत की मजबूत नींव है। उनके आदर्श आज भी देश के प्रत्येक नागरिक को प्रेरित करते हैं। यह यूनिटी मार्च पुष्कर में राष्ट्रीय एकता और जागरूकता का सशक्त उदाहरण बना है।”
जिलाध्यक्ष जीतमल प्रजापत
उन्होंने युवाओं को सरदार पटेल के जीवन दर्शन को आत्मसात करने और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘विकसित एवं आत्मनिर्भर भारत’ के मिशन में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।

युवाओं को दिलाई गई शपथ
मार्च में शामिल युवाओं को आत्मनिर्भर भारत और नशा मुक्त भारत अभियान की शपथ दिलाई गई।
कार्यक्रम के सफल संचालन में मुरारी लाल लेखा, अंकिता शर्मा (केंद्र समन्वयक, युवा साथी केंद्र), लोकेंद्र सिसोदिया (महाराणा प्रताप युवा मंडल) सहित कई स्वयंसेवकों का योगदान रहा।
















































