लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
कलेक्ट्रेट परिसर नागौर में हुआ कार्यक्रम, जिले के वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों ने किया विमोचन
लोक टुडे न्यूज नेटवर्क, नागौर |
भारत स्काउट गाइड स्थापना दिवस के अवसर पर शुक्रवार को भारत स्काउट गाइड राष्ट्रीय मुख्यालय द्वारा जारी स्काउट एवं गाइड्स नेशनल फ्लैग स्टीकर बिक्री योजना का शुभारंभ कलेक्ट्रेट परिसर, नागौर में किया गया।
इस अवसर पर जिला कलक्टर अरुण कुमार पुरोहित, जिला पुलिस अधीक्षक मृदुल कच्छावा एवं अतिरिक्त जिला कलक्टर चम्पालाल जीनगर ने संयुक्त रूप से फ्लैग स्टीकर का विमोचन किया।
आत्मनिर्भर सप्ताह और सेवाभावी पहल
सीओ स्काउट एम. असफाक पंवार ने जानकारी दी कि भारत स्काउट गाइड स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में आत्मनिर्भर सप्ताह मनाया जाएगा। इस दौरान स्काउट गाइड फ्लैग स्टीकर बिक्री अभियान चलाया जाएगा, जिससे प्राप्त धनराशि से एक आरक्षित कोष (Reserve Fund) बनाया जाएगा।
उन्होंने बताया कि इस कोष का उपयोग सेवाभावी गतिविधियों, आपदाओं में राहत कार्य तथा दुर्घटनाग्रस्त व पीड़ित व्यक्तियों की सहायता के लिए किया जाएगा।
अधिकारियों ने दी शुभकामनाएं
इस अवसर पर जिला कलक्टर अरुण कुमार पुरोहित और जिला पुलिस अधीक्षक मृदुल कच्छावा ने स्काउट गाइड संगठन को स्थापना दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं दीं और संगठन के समाजसेवी कार्यों की सराहना की।


















































