लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
— सड़क सुरक्षा पखवाड़ा के सफल संचालन पर हुई चर्चा
4 से 18 नवम्बर तक मनाया जा रहा सड़क सुरक्षा पखवाड़ा, 1033 नंबर से राजमार्ग पेट्रोलिंग द्वारा मिल रही त्वरित सहायता
लोक टुडे न्यूज नेटवर्क, नागौर |
जिले में सड़क सुरक्षा और यातायात प्रबंधन को और अधिक सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार, नागौर में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिला कलक्टर एवं समिति अध्यक्ष अरुण कुमार पुरोहित ने की।
बैठक में जिले में सड़क सुरक्षा से संबंधित विभिन्न पहलुओं पर विस्तृत समीक्षा की गई। पिछले वर्षों की तुलना में वर्ष 2025 में हुई सड़क दुर्घटनाओं एवं जनहानि के आंकड़ों का तुलनात्मक विश्लेषण प्रस्तुत किया गया। आंकड़ों के अनुसार, वर्तमान वर्ष में सड़क सुरक्षा मानकों में उल्लेखनीय सुधार देखने को मिला है।
जिला कलक्टर पुरोहित ने सभी संबंधित विभागों — लोक निर्माण विभाग, स्वास्थ्य विभाग, पुलिस, परिवहन एवं ट्रैफिक नियंत्रण इकाइयों को निर्देश दिए कि वे सड़क सुरक्षा नियमों की शत-प्रतिशत पालना सुनिश्चित करें।
अस्पतालों और आपात सेवाओं को लेकर निर्देश
कलक्टर ने स्वास्थ्य विभाग को निर्देशित किया कि सभी अस्पतालों में आपात सेवाएं और ट्रॉमा सेंटर पूरी तरह सक्रिय रहें, ताकि किसी भी दुर्घटना या आपात स्थिति में तुरंत चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराई जा सके। उन्होंने कहा कि विभाग आपसी समन्वय और टीम भावना से कार्य करें, ताकि सड़क दुर्घटनाओं और जनहानि को न्यूनतम किया जा सके।
“सड़क सुरक्षा मित्र कार्यक्रम” की समीक्षा
बैठक में “सड़क सुरक्षा मित्र कार्यक्रम” की समीक्षा की गई। यह कार्यक्रम सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय और युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय के संयुक्त तत्वावधान में 4 नवम्बर से 18 नवम्बर 2025 तक सड़क सुरक्षा पखवाड़े के रूप में मनाया जा रहा है।
देश के चयनित 100 जिलों में राजस्थान के 12 जिले शामिल हैं, जिनमें नागौर भी एक है। जिला कलक्टर ने कार्यक्रम के सफल क्रियान्वयन के लिए विभागों के बीच प्रभावी समन्वय और निर्धारित टाइमलाइन के अनुसार कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
1033 नंबर पर राजमार्ग पेट्रोलिंग से त्वरित सहायता
बैठक में भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) के अधिकारी ने जानकारी दी कि सभी राष्ट्रीय और राज्य राजमार्गों पर 24 घंटे सक्रिय पेट्रोलिंग वाहन तैनात हैं। ये वाहन सड़क दुर्घटना, जनहानि, पशु मृत्यु, शव उठाने, प्राथमिक उपचार या आपात स्थिति में तत्काल सहायता प्रदान करते हैं।
आमजन, यात्री और वाहन चालक टोल फ्री नंबर 1033 पर कॉल कर इस सेवा का लाभ प्राप्त कर सकते हैं।
बैठक में उपस्थित अधिकारी
बैठक में अतिरिक्त जिला कलक्टर चंपालाल जीनगर, जिला पुलिस अधीक्षक मृदुल कच्छावा, जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी अरविंद जाखड़, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. जुगल किशोर सैनी, उपखंड अधिकारी गोविंद सिंह, लोक निर्माण विभाग के अधीक्षण अभियंता, परिवहन अधिकारी, शिक्षा विभाग के अधिकारी, एमएनआईटी के अभियंता सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।








































